रहना, खाना, ट्रेनिंग और सर्टिफिकेट सब मुफ्त; रोजगार और बेहतर कमाई के नए अवसर खोलने की पहल
रहना, खाना, ट्रेनिंग और सर्टिफिकेट सब मुफ्त; रोजगार और बेहतर कमाई के नए अवसर खोलने की पहल
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
पंजाब सरकार ने अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य सरकार ने एससी युवाओं के लिए पूरी तरह मुफ्त रिहायशी कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचा (एनएसक्यूएफ) से जुड़े ये प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार के लिए तैयार करेंगे।
सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य के तहत अनुसूचित जाति समुदाय के युवाओं को आधुनिक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह विशेष पहल शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग पंजाब द्वारा दो उद्योग-आधारित कोर्स — ‘केयर गिवर–मदर एंड न्यू बॉर्न’ और ‘एल्डरली केयर टेकर’ शुरू किए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों की शुरुआत 1 जुलाई से लुधियाना और जालंधर स्थित केंद्रों में होगी, जिनका चयन पंजाब स्किल डेवलपमेंट मिशन के माध्यम से किया गया है।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पात्र उम्मीदवारों को प्रशिक्षण के दौरान मुफ्त रिहायशी सुविधा, भोजन, प्रशिक्षण किट और राष्ट्रीय स्तर की मान्यता प्राप्त संस्था से प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण पर आने वाला पूरा खर्च पंजाब सरकार वहन करेगी और उम्मीदवारों से किसी प्रकार की फीस नहीं ली जाएगी।
इन कोर्सों के लिए वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जो कम से कम 10वीं पास हों, अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित हों और पंजाब के स्थायी निवासी हों। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव, आधुनिक तकनीकी कौशल और प्लेसमेंट सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी ताकि प्रशिक्षण पूरा होते ही उन्हें रोजगार प्राप्त करने में मदद मिल सके।
मंत्री ने कहा कि कौशल विकास केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं बल्कि जीवन बदलने का अवसर है। जब कोई युवा हुनर हासिल कर रोजगार प्राप्त करता है तो उसका भविष्य मजबूत होता है और पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आता है। पंजाब सरकार का लक्ष्य है कि राज्य का हर योग्य युवा अपने सपनों को साकार करने का अवसर प्राप्त कर सके।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0