अमृतसर, फरीदकोट और जालंधर में बड़े स्तर पर फेरबदल, पंजाब पुलिस के वरिष्ठ पदों पर नई नियुक्तियां
अमृतसर, फरीदकोट और जालंधर में बड़े स्तर पर फेरबदल, पंजाब पुलिस के वरिष्ठ पदों पर नई नियुक्तियां
खबर खास | चंडीगढ़
पंजाब सरकार ने सोमवार को पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 14 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले किए। प्रमुख बदलावों में अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी सुहेल कासिम मीर को उनके पद से हटा दिया गया है। हाल ही में शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया और मजीठा पुलिस थाने से जुड़े एक विवाद के बाद मीर चर्चा में आए थे।
फिलहाल सुहेल कासिम मीर को कोई नई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है। उनकी जगह एसपी कंवलजीत सिंह को अमृतसर ग्रामीण का प्रभार दिया गया है। वहीं फरीदकोट की एसएसपी प्रज्ञा जैन को भी उनके पद से मुक्त कर दिया गया है और उन्हें नई नियुक्ति का इंतजार है।
एक अन्य महत्वपूर्ण बदलाव के तहत जालंधर की पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर रंधावा का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह डीआईजी सतिंदर सिंह को जालंधर का नया पुलिस कमिश्नर (सीपी) नियुक्त किया गया है।
फेरबदल के तहत अनीता पुंज को स्पेशल डीजीपी-कम-डायरेक्टर, एमआरएस पीपीए फिल्लौर के पद से स्थानांतरित कर स्पेशल डीजीपी, मानव संसाधन विकास (एचआरडी) एवं वेलफेयर नियुक्त किया गया है। आईजीपी प्रदीप कुमार यादव को आईजीपी तकनीकी सेवाएं, चंडीगढ़ बनाया गया है, जबकि धनप्रीत कौर रंधावा को एमआरएस पीपीए फिल्लौर का निदेशक नियुक्त किया गया है।
डीआईजी सतिंदर सिंह, जो पहले लुधियाना रेंज में तैनात थे, अब जालंधर पुलिस कमिश्नरेट की कमान संभालेंगे। विवेक शील सोनी को 75वीं बटालियन पीएपी जालंधर के कमांडेंट पद से स्थानांतरित कर डीआईजी बॉर्डर रेंज, अमृतसर नियुक्त किया गया है।
सरकार ने कई अधिकारियों को पदोन्नति देकर नई जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं। सुरिंदरजीत सिंह मंड को डीआईजी जेल, कंवलदीप सिंह को डीआईजी कानून एवं व्यवस्था, संदीप कुमार शर्मा को डीआईजी पीएपी-2 जालंधर तथा संदीप गोयल को डीआईजी एजीटीएफ-2 एवं डीआईजी बॉर्डर रेंज से स्थानांतरित कर डीआईजी लुधियाना रेंज नियुक्त किया गया है।
पुलिस विभाग में किया गया यह ताजा फेरबदल राज्य सरकार के प्रशासनिक ढांचे को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब के शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए: डॉ. रवजोत सिंह
November 13, 2024
Comments 0