सुखोमाजरी बायपास रोड पर एंटी-ड्रग ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने हेरोइन, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की
सुखोमाजरी बायपास रोड पर एंटी-ड्रग ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने हेरोइन, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की
खबर खास | पंचकूला
पंचकूला जिला पुलिस की डिटेक्टिव स्टाफ टीम ने विशेष अभियान के दौरान पंजाब के एक युवक को 50 ग्राम 44 मिलीग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरजीत सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के मोगा जिले के घलकला गांव का निवासी है। उसके खिलाफ पिंजौर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एएसआई महिपाल के नेतृत्व में डिटेक्टिव स्टाफ टीम कालका-पिंजौर क्षेत्र में गश्त और अपराध जांच ड्यूटी पर थी। इसी दौरान उन्हें चंडीमंदिर लाइट प्वाइंट के पास एक सूचना मिली। मुखबिर ने बताया कि हरजीत सिंह पंजाब से पंचकूला हेरोइन सप्लाई करने आया है और वह सुखोमाजरी बायपास रोड पर एक पुलिया के पास खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के अनुसार संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। आरोपी की तलाशी एसीपी क्राइम अरविंद कम्बोज की मौजूदगी में ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी की जींस की जेब से एक सफेद पैकेट बरामद हुआ, जिसमें संदिग्ध मादक पदार्थ पाया गया।
जांच के दौरान यह पदार्थ हेरोइन निकला। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर इसका वजन 50 ग्राम 44 मिलीग्राम पाया गया। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से एक रियलमी मोबाइल फोन और ₹450 नकद भी बरामद किए।
बरामद हेरोइन को सील कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत पिंजौर थाना में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0