आईएसआई समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल मॉड्यूल का भंडाफोड़; 1.3 किलोग्राम विस्फोटक से भरी आईईडी बरामद
आईएसआई समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल मॉड्यूल का भंडाफोड़; 1.3 किलोग्राम विस्फोटक से भरी आईईडी बरामद
खबर खास | चंडीगढ़/जालंधर
स्वतंत्रता दिवस से पहले आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब पुलिस ने आईएसआई समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर उसके एक प्रमुख आतंकी सहयोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक शक्तिशाली इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद कर संभावित आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया।
यह संयुक्त ऑपरेशन जालंधर की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट और जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा चलाया गया। कार्रवाई के दौरान जालंधर के आदमपुर स्थित पड़ीयाना गांव निवासी सतबीर सिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 1.3 किलोग्राम वजन की हाई-एक्सप्लोसिव आईईडी और काले रंग की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (PB-08-ET-6736) बरामद की।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि बीकेआई का एक सक्रिय सदस्य पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और विदेशों में बैठे आतंकी हैंडलरों के निर्देश पर विस्फोटक सामग्री लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर जालंधर जिले के ढंडौर गांव के पास संयुक्त पुलिस टीमों ने नाकाबंदी की।
ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने सतबीर सिंह को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके बैग से आईईडी बरामद हुई। डीजीपी ने बताया कि विस्फोटक डिवाइस में बड़ी संख्या में लोहे के छर्रे और बॉल बेयरिंग भरे गए थे। इससे संकेत मिलता है कि आईईडी को अधिकतम जनहानि और आम लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से तैयार किया गया था।
अधिकारियों के अनुसार, पंजाब पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से बड़े पैमाने पर संभावित आतंकी हमले को टाल दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशों में सक्रिय आईएसआई समर्थित बीकेआई हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहा था।
पंजाब पुलिस ने अब इस पूरे आतंकी नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों का पता लगाने के लिए व्यापक जांच शुरू कर दी है। जांच में विदेशों में बैठे हैंडलरों के साथ-साथ उन स्थानीय सहयोगियों की भी पहचान की जा रही है, जिन्होंने आरोपियों को ठिकाना, आर्थिक सहायता या लॉजिस्टिक मदद मुहैया कराई हो सकती है।
इस मामले में पटारा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 113(1) और 113(3), एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट की धारा 4 और 5 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1B)(A) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0