राज्य में तापमान 5.2 डिग्री तक गिरा, कई जिलों में बारिश-ओले और आंधी का अलर्ट जारी
राज्य में तापमान 5.2 डिग्री तक गिरा, कई जिलों में बारिश-ओले और आंधी का अलर्ट जारी
ख़बर ख़ास | पंजाब
पंजाब में पिछले दो दिनों से मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में जोरदार बारिश दर्ज की गई, वहीं कुछ इलाकों में तेज़ गरज-चमक के साथ बारिश हुई और ओलावृष्टि भी देखने को मिली। कई जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलीं, जिससे तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में करीब 5.2 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है, जिससे गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली है।
चंडीगढ़ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आज, 13 जून के लिए पंजाब के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, मानसा, रूपनगर और मोहाली जैसे जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज़ हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के अनुसार, वर्तमान में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है, जिसका असर पूरे क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। इसके साथ पूर्वी हवाओं का भी प्रभाव बना हुआ है, जिसके चलते मौसम में यह बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में अगले कुछ महीनों तक रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ती रहेंगी, हालांकि तूफानों की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने लगेगी।
विशेषज्ञों का कहना है कि बठिंडा, अमृतसर, तरनतारन, जालंधर और होशियारपुर जैसे क्षेत्रों में तेज़ हवाओं का असर अधिक देखने को मिल सकता है। वहीं मौजूदा मौसम पैटर्न के अनुसार यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि जून के अंत तक मानसून समय पर पंजाब में दस्तक दे सकता है। इससे आने वाले दिनों में मौसम और सुहावना होने की उम्मीद है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0