209 रन का लक्ष्य 15.2 ओवर में हासिल, स्टेडियम में दिखा फैंस का जबरदस्त उत्साह
209 रन का लक्ष्य 15.2 ओवर में हासिल, स्टेडियम में दिखा फैंस का जबरदस्त उत्साह
ख़बर ख़ास, खेल :
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज की। भारत ने 209 रन के बड़े लक्ष्य को महज़ 15.2 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने अपने आक्रामक इरादे और मजबूत बल्लेबाज़ी क्रम का शानदार प्रदर्शन किया।
भारतीय पारी के हीरो कप्तान सूर्यकुमार यादव और ओपनर ईशान किशन रहे। सूर्यकुमार यादव ने 37 गेंदों पर नाबाद 82 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने 32 गेंदों में 76 रन बनाए। दोनों बल्लेबाज़ों के बीच 122 रनों की अहम साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया। ईशान की आक्रामक शुरुआत और सूर्यकुमार की 360 डिग्री बल्लेबाज़ी ने न्यूजीलैंड के गेंदबाज़ों को कोई मौका नहीं दिया।
मैच को लेकर रायपुर में जबरदस्त माहौल देखने को मिला। स्टेडियम के एंट्री गेट शाम 4 बजे से खोल दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। अटल एक्सप्रेस हाईवे, तेलीबांधा चौक और वीआईपी रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बाहर से आने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से अलग-अलग ट्रैफिक रूट भी जारी किए गए थे।
भारत की जीत के बाद दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिला। स्टेडियम में मौजूद फैंस ने इसे “पैसा वसूल” मैच बताया। ओडिशा से आए राजेंद्र देव ने कहा कि वे टीम इंडिया को चीयर करने आए थे और खिलाड़ियों की शानदार बल्लेबाज़ी देखकर बेहद खुश हैं। कई परिवार अपने बच्चों के साथ मैच देखने पहुंचे थे। बच्चों ने बताया कि वे अपने पसंदीदा खिलाड़ी हार्दिक पांड्या से मिलने की उम्मीद लेकर आए हैं।
छत्तीसगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन ने इस मैच में कुछ नए नियम भी लागू किए थे। पहली पारी के बाद स्टेडियम में एंट्री नहीं दी गई और सीटें “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर आवंटित की गईं। कुल मिलाकर रायपुर में खेला गया यह टी-20 मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच, मनोरंजन और यादगार पलों से भरा रहा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब के शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए: डॉ. रवजोत सिंह
November 13, 2024
Comments 0