एससी आयोग के चेयरमैन पर लगाए राजनीतिक पक्षपात के आरोप; गुरदासपुर और दीनानगर की जीत को बताया बदलाव का संकेत, जल्द शुरू होगा कांग्रेस का बड़ा जनसंपर्क अभियान
एससी आयोग के चेयरमैन पर लगाए राजनीतिक पक्षपात के आरोप; गुरदासपुर और दीनानगर की जीत को बताया बदलाव का संकेत, जल्द शुरू होगा कांग्रेस का बड़ा जनसंपर्क अभियान
ख़बर ख़ास | पंजाब
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सोमवार को पंजाब की राजनीति और राज्य अनुसूचित जाति आयोग से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह देश की सभी संवैधानिक और कानूनी संस्थाओं का पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के वर्तमान चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी पर उन्हें भरोसा नहीं है। वड़िंग ने दो टूक कहा कि वह किसी भी परिस्थिति में गढ़ी के सामने पेश नहीं होंगे और न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।
वड़िंग ने आरोप लगाया कि जसवीर सिंह गढ़ी आयोग के चेयरमैन के बजाय आम आदमी पार्टी और उसकी सरकार के प्रतिनिधि की तरह काम कर रहे हैं। उनका कहना था कि अनुसूचित जाति आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के प्रमुख को सरकार से स्वतंत्र और निष्पक्ष होना चाहिए, लेकिन मौजूदा हालात में ऐसा दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि आयोग की कार्रवाई राजनीतिक उद्देश्यों से प्रेरित लगती है, इसलिए उन्हें निष्पक्ष सुनवाई की उम्मीद नहीं है।
समन के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में वड़िंग ने दोहराया कि वह कानूनी प्रक्रिया का सम्मान करते हैं, लेकिन गढ़ी के नेतृत्व में आयोग के समक्ष पेश होने का कोई सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर व्यक्ति को न्याय पाने का अधिकार है और वह इसी अधिकार का इस्तेमाल करते हुए अदालत का रुख करेंगे।
राजनीतिक मोर्चे पर भी वड़िंग ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। गुरदासपुर और दीनानगर में कांग्रेस की हालिया जीत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल शुरुआत है और राज्य में राजनीतिक बदलाव की स्पष्ट आहट सुनाई दे रही है। उन्होंने दावा किया कि “कांग्रेस आ रही है और आप जा रही है।” वड़िंग ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी, क्योंकि जनता के बीच उसकी साख लगातार कमजोर हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम चुनावों के नतीजों को विधानसभा चुनावों का संकेतक बताना गलत है। कांग्रेस प्रदेश भर में जल्द ही एक व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू करने जा रही है, जो चुनाव तक लगातार जारी रहेगा। वड़िंग के अनुसार, राष्ट्रीय पार्टी होने के नाते कांग्रेस की रणनीति और कार्यशैली अन्य क्षेत्रीय दलों से अलग है और आने वाले महीनों में पार्टी जनता के बीच और अधिक सक्रिय दिखाई देगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0