सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच हुई संक्षिप्त फायरिंग, सेना–पुलिस–सीआरपीएफ का संयुक्त अभियान जारी
सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच हुई संक्षिप्त फायरिंग, सेना–पुलिस–सीआरपीएफ का संयुक्त अभियान जारी
ख़बर ख़ास | राजौरी
जम्मू-कश्मीर के राजौरी ज़िले में शनिवार को उस समय तनाव फैल गया जब इलाके में दो से तीन आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली। खुफिया इनपुट के आधार पर सुरक्षा बलों ने तुरंत बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
ऑपरेशन के शुरुआती चरण में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच संक्षिप्त मुठभेड़ हुई। हालांकि फिलहाल फायरिंग रुक गई है, लेकिन पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों के कारण सुरक्षा बल बेहद सतर्कता के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, भारतीय सेना, जम्मू और कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम इस ऑपरेशन में लगी हुई है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) भी इलाके में सक्रिय है।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों को डोरिमल वन क्षेत्र में आतंकियों के छिपे होने की पुख्ता जानकारी मिली थी। आशंका जताई जा रही है कि ये आतंकी पाकिस्तान से घुसपैठ कर भारतीय सीमा में दाखिल हुए हैं।
फिलहाल पूरे क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और सुरक्षा बल हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0