22 जनवरी से राजकोट में होने वाले मुकाबले में जडेजा की पुष्टि, सौराष्ट्र सीए अध्यक्ष जयदेव शाह ने दी जानकारी
22 जनवरी से राजकोट में होने वाले मुकाबले में जडेजा की पुष्टि, सौराष्ट्र सीए अध्यक्ष जयदेव शाह ने दी जानकारी
ख़बर ख़ास, खेल :
स्टार भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा 22 जनवरी से राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में शुरू होने वाले रणजी ट्रॉफी मुकाबले में सौराष्ट्र की ओर से पंजाब के खिलाफ खेलते नजर आएंगे। सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (SCA) के अध्यक्ष जयदेव शाह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि जडेजा ने स्वयं संपर्क कर अपनी उपलब्धता की जानकारी दी है।
जयदेव शाह ने कहा कि रवींद्र जडेजा ने फोन कर यह स्पष्ट किया है कि वह पंजाब के खिलाफ होने वाले इस अहम मुकाबले में टीम का हिस्सा होंगे। हालांकि, इसके बाद वह अगले मैचों में खेलेंगे या नहीं, इस पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। लेकिन यह तय है कि जडेजा पंजाब के खिलाफ राजकोट में खेलते दिखाई देंगे।
सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन को यह भी जानकारी मिली है कि भारतीय कप्तान शुबमन गिल भी इस मुकाबले के लिए पंजाब की ओर से खेलने के लिए राजकोट पहुंच सकते हैं। जयदेव शाह ने बताया कि उन्हें गिल के पंजाब टीम के साथ राजकोट आने की सूचना मिली है, जिससे यह मुकाबला और भी रोचक हो सकता है।
इस सीजन रणजी ट्रॉफी (एलीट) में सौराष्ट्र का प्रदर्शन अब तक मिला-जुला रहा है। टीम के पहले चार मुकाबले ड्रॉ रहे, जबकि नवंबर 2025 में गोवा के खिलाफ सौराष्ट्र ने एक पारी और 47 रनों से शानदार जीत दर्ज की थी। इसके बाद टीम अब घरेलू मैदान पर पंजाब से भिड़ेगी और फिर 29 जनवरी से शुरू होने वाले अगले मुकाबले के लिए चंडीगढ़ रवाना होगी।
शुबमन गिल ने इस सीजन रणजी ट्रॉफी में अभी तक कोई मैच नहीं खेला है। उनका पिछला रणजी मुकाबला पिछले सीजन में कर्नाटक के खिलाफ था। वहीं रवींद्र जडेजा ने इस सीजन सौराष्ट्र के लिए सिर्फ एक घरेलू मैच खेला था, जो मध्य प्रदेश के खिलाफ ड्रॉ रहा।
अंक तालिका की बात करें तो सौराष्ट्र एलीट ग्रुप में पांच मैचों में एक जीत और चार ड्रॉ के साथ चौथे स्थान पर है। टीम से आगे कर्नाटक, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश मौजूद हैं। वहीं पंजाब पांच मैचों में एक जीत और एक हार के साथ छठे स्थान पर है।
इस मुकाबले के बाद दोनों टीमों का एक-एक लीग मैच और बचा होगा। फिलहाल शुबमन गिल और रवींद्र जडेजा की कोई अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धता नहीं है, ऐसे में दोनों खिलाड़ियों के अपने-अपने राज्य की टीमों के लिए अंतिम ग्रुप मैच में भी उपलब्ध रहने की संभावना है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब के शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए: डॉ. रवजोत सिंह
November 13, 2024
Comments 0