इससे इन्फ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा और सीवरेज को मजबूती, फरीदाबाद के विकास को मिली नई दिशा
इससे इन्फ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा और सीवरेज को मजबूती, फरीदाबाद के विकास को मिली नई दिशा
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को फरीदाबाद में आयोजित धन्यवाद एवं विकसित फरीदाबाद रैली को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने120 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से चार महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें रेस्ट हाउस के निर्माण पर 50 करोड़ 61 लाख रुपये, डिस्पेंसरी-सह-सीएमओ कार्यालय के निर्माण पर 41 करोड़ 70 लाख रुपये, विभिन्न क्षेत्रों में सीवरेज लाइन बिछाने के कार्य पर 25 करोड़ रुपये तथा ओल्ड फरीदाबाद में स्कूल भवन निर्माण पर 3 करोड़ 45 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार फरीदाबाद को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने स्वच्छता शुभंकर और स्वच्छता कॉमिक का अनावरण किया तथा नगरवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस क्षेत्र में पिछले साढ़े 11 वर्षों में 44 सीएम घोषणाएं की गईं, जिनमें से 24 पूरी हो चुकी हैं, जबकि शेष पर तेजी से कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार जो कहती है, वह करके दिखाती है। इसी का प्रमाण है कि संकल्प पत्र के 217 में से 60 वादे डेढ़ वर्ष में पूरे कर दिए गए हैं और बाकी पर कार्य प्रगति पर है।
अफवाहों से बचें, पेट्रोल-डीजल और गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हरियाणा में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है तथा प्रदेश के 4,032 पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराकर अनावश्यक खरीदारी से बचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बजट 2026-27 में भी किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों और गरीबों के लिए अनेक बड़े निर्णय लिए गए हैं। इनमें हरियाणा एग्री डिस्कॉम, न्यूनतम मजदूरी में बढ़ोतरी, 3 लाख लखपति दीदी, 4 हजार नए राशन डिपो, अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण और मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत नए प्लॉट आवंटन जैसे निर्णय शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित फरीदाबाद केवल एक सपना नहीं, बल्कि एक व्यापक विजन है, जिसमें हर नागरिक को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और उच्च जीवन स्तर उपलब्ध होगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि फरीदाबाद का विकास किसी भी कीमत पर नहीं रुकेगा और सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0