RCB के हेड कोच मलोलन रंगराजन ने किया खुलासा—103 डिग्री बुखार के बावजूद WPL 2026 फाइनल खेली स्मृति, कहा- यह सच्चे नेतृत्व की पहचान है
RCB के हेड कोच मलोलन रंगराजन ने किया खुलासा—103 डिग्री बुखार के बावजूद WPL 2026 फाइनल खेली स्मृति, कहा- यह सच्चे नेतृत्व की पहचान है
ख़बर ख़ास, खेल :
वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ऐतिहासिक जीत और भी खास हो गई, जब टीम के हेड कोच मलोलन रंगराजन ने कप्तान स्मृति मंधाना को लेकर बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ फाइनल मुकाबले से ठीक एक दिन पहले स्मृति मंधाना 103 डिग्री तेज बुखार से जूझ रही थीं, इसके बावजूद उन्होंने फाइनल खेलकर टीम को खिताब दिलाया।
कोटांबी स्टेडियम में खेले गए फाइनल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रंगराजन ने स्मृति की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि स्मृति ने पर्दे के पीछे अपनी फिटनेस को लेकर हर संभव प्रयास किया, ताकि वह टीम के लिए मैदान पर उतर सकें। कोच के मुताबिक, बिना किसी शिकायत के फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में खेलना उनके शानदार चरित्र और मजबूत मानसिकता को दर्शाता है।
“जिन लोगों को पता नहीं है, उनके लिए बता दूं कि स्मृति कल शाम 103 डिग्री बुखार में थीं। उन्होंने फिट होने के लिए हर मुमकिन कोशिश की। बिना किसी शिकायत के फाइनल खेलना और इस तरह प्रदर्शन करना अविश्वसनीय चरित्र को दिखाता है,” रंगराजन ने कहा।
मैदान पर स्मृति मंधाना ने कप्तान के रूप में आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने मात्र 41 गेंदों में शानदार 87 रन की पारी खेली और 204 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB की जीत की नींव रखी। उनकी आक्रामक और संयमित बल्लेबाजी ने विपक्षी गेंदबाजों को दबाव में ला दिया। इस दौरान उन्होंने 165 रनों की अहम साझेदारी भी निभाई, जिसने RCB को दूसरी बार WPL चैंपियन बनाया।
कोच रंगराजन ने टीम के सामूहिक प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरे टूर्नामेंट में अलग-अलग मौकों पर अलग खिलाड़ियों ने मैच जिताने वाली भूमिका निभाई, जो टीम की गहरी तैयारी और मेहनत को दर्शाता है।
जॉर्जिया वॉल को लेकर भी उन्होंने खास बात कही। फाइनल में 54 गेंदों पर 79 रन की शानदार पारी खेलने वाली वॉल की शांत बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कोच ने कहा कि पर्दे के पीछे की गई मेहनत का नतीजा बड़े मंच पर देखने को मिला।
RCB की इस जीत के साथ अब टीम की जर्सी पर दो सितारे लगेंगे। हालांकि, रंगराजन ने साफ कर दिया कि टीम की भूख अभी खत्म नहीं हुई है और अगला लक्ष्य तीसरा खिताब जीतना होगा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0