₹100 करोड़ जीएसटी फर्जीवाड़ा मामले में जांच तेज, अदालत ने बढ़ाई रिमांड
₹100 करोड़ जीएसटी फर्जीवाड़ा मामले में जांच तेज, अदालत ने बढ़ाई रिमांड
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
पूर्व पंजाब उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री और वरिष्ठ आप नेता संजीव अरोड़ा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ₹100 करोड़ से अधिक के कथित GST घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उनकी गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है।
गुरुग्राम स्थित विशेष PMLA अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत को दो दिन और बढ़ा दिया है। अदालत ने यह फैसला मामले की गंभीरता और आगे की पूछताछ की आवश्यकता को देखते हुए लिया।
ईडी ने 9 मई को चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास पर लंबी छापेमारी के बाद संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद अदालत ने उन्हें शुरुआती तौर पर 7 दिन की ईडी हिरासत में भेजा था।
जैसे ही यह अवधि समाप्त हुई, जांच एजेंसी ने अदालत में अतिरिक्त हिरासत की मांग की। ईडी ने दलील दी कि जांच के दौरान कई नए वित्तीय लेन-देन, फर्जी इनवॉइस और शेल कंपनियों से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
एजेंसी के अनुसार, जांच में सामने आए नए सबूतों के आधार पर आगे की पूछताछ जरूरी है, ताकि पूरे घोटाले की कड़ी को समझा जा सके। इसके बाद अदालत ने ईडी की मांग स्वीकार करते हुए हिरासत अवधि दो दिन और बढ़ाने का आदेश दिया।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0