पटियाला के पास जोरदार ब्लास्ट से हड़कंप, 5 संदिग्ध हिरासत में; जांच एजेंसियां अलर्ट मोड पर
पटियाला के पास जोरदार ब्लास्ट से हड़कंप, 5 संदिग्ध हिरासत में; जांच एजेंसियां अलर्ट मोड पर
ख़बर खास | पटियाला
पंजाब के पटियाला जिले के पास शंभू बॉर्डर पर सोमवार देर रात एक जोरदार धमाके ने इलाके में सनसनी फैला दी। यह विस्फोट रेलवे ट्रैक के नजदीक हुआ, जहां एक संदिग्ध आतंकी कथित तौर पर ट्रैक को उड़ाने की साजिश रच रहा था। धमाका इतना भीषण था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई और शरीर के चिथड़े उड़ गए।
मृतक की पहचान 33 वर्षीय जगरूप सिंह उर्फ जूपा के रूप में हुई है, जो तरनतारन जिले के गांव पंजवार का रहने वाला था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वह पेशे से आटा चक्की चलाता था और दो बेटियों का पिता था। गांव के लोगों ने हैरानी जताते हुए कहा कि जूपा को अक्सर निहंग वेशभूषा में देखा जाता था, लेकिन उसके किसी आतंकी गतिविधि से जुड़े होने का कभी संदेह नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और खुफिया एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके को घेर लिया गया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं, वहीं रेलवे ट्रैक की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि जूपा अकेले काम कर रहा था या उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।
पुलिस को मिले इनपुट्स के आधार पर तरनतारन में पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। इनसे पूछताछ जारी है, जिससे इस साजिश के पीछे के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है। इस मामले की जांच डीएसपी सुखबीर सिंह की अगुवाई में की जा रही है, जबकि एसएसपी सुरिंदर लांबा ने पुष्टि की है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही बड़े खुलासे हो सकते हैं।
गौरतलब है कि पंजवार गांव का नाम पहले भी उग्रवाद से जुड़ चुका है और यह खालिस्तान कमांडो फोर्स (KCF) के प्रमुख परमजीत सिंह पंजवार से भी जुड़ा रहा है, जिसकी पिछले साल पाकिस्तान में हत्या हो गई थी। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से मामले की जांच कर रही हैं और पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0