मोगा, सिरहिंद और शंभू धमाकों से जुड़े तार उजागर, विदेशी हैंडलर्स के इशारे पर साजिश रचने का आरोप
मोगा, सिरहिंद और शंभू धमाकों से जुड़े तार उजागर, विदेशी हैंडलर्स के इशारे पर साजिश रचने का आरोप
ख़बर ख़ास | पटियाला
पटियाला जिले के शंभू रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त ऑपरेशन के तहत एसएसओसी अमृतसर, पटियाला पुलिस और सीआई पठानकोट की टीमों ने मुख्य आरोपी गुरजिंदर सिंह उर्फ बाबा बियंत को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गुरदासपुर जिले के धारीवाल का रहने वाला बताया जा रहा है और लंबे समय से एजेंसियों के रडार पर था।
प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। गुरजिंदर सिंह का संबंध केवल शंभू रेलवे ट्रैक विस्फोट तक सीमित नहीं है, बल्कि वह सिरहिंद रेलवे ट्रैक धमाके और मोगा स्थित सीआईए दफ्तर पर हुए ग्रेनेड हमले से भी जुड़ा पाया गया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इन सभी घटनाओं के पीछे एक सुनियोजित साजिश थी, जिसे विदेश में बैठे हैंडलर्स के निर्देश पर अंजाम दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी न केवल स्थानीय स्तर पर सक्रिय था, बल्कि वह आतंक नेटवर्क के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर राज्य में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिनसे नेटवर्क के और सदस्यों तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि इस गिरफ्तारी और पहले की गई बरामदगियों के आधार पर मोगा, सिरहिंद और शंभू से जुड़े तीनों बड़े आतंकी मामलों को सुलझा लिया गया है। यह सफलता सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित कार्रवाई का परिणाम मानी जा रही है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने इस ऑपरेशन को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि राज्य में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की आतंकी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क और सक्षम हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0