घर के आंगन में खेल रही थी बच्ची, पड़ोसियों ने कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया; चेहरे, पीठ और पैरों पर गहरे घाव
घर के आंगन में खेल रही थी बच्ची, पड़ोसियों ने कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया; चेहरे, पीठ और पैरों पर गहरे घाव
खबर खास | शिमला
शिमला के शंकली इलाके में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। रुलदुभट्टा वार्ड के शंकली क्षेत्र में घर के आंगन में खेल रही दो साल की बच्ची पर एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची को काटने के बाद करीब 25 मीटर तक घसीटा। बच्ची की चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्ते को खदेड़कर उसके चंगुल से बच्ची को छुड़ाया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को तुरंत इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
परिजनों के मुताबिक, बच्ची रविवार शाम करीब 4 बजे घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान वह घर के गेट के पास पहुंच गई। वहां से गुजर रहे एक आवारा कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची को काट लिया और उसे घसीटते हुए पास के जंगल की ओर ले जाने लगा।
बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत घरों से बाहर निकले। कुछ पड़ोसियों ने कुत्ते का पीछा किया और करीब 25 मीटर दूर जाकर बच्ची को उसके चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद बच्ची को बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाया गया।
आईजीएमसी शिमला के चिकित्सकों के अनुसार, कुत्ते के हमले में बच्ची के चेहरे, पीठ, पैरों और शरीर के कई अन्य हिस्सों पर गहरी चोटें आई हैं। बच्ची को आपातकालीन वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
परिवार के लोगों के मुताबिक, बच्ची शंकली इलाके में रहने वाले रामदीप सिंह की बेटी है। स्थानीय कारोबारी करनैल सिंह ने बताया कि बच्ची उनके भतीजे की बेटी है। उन्होंने इलाके में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या पर चिंता जताई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। उनका दावा है कि पिछले कुछ महीनों में कई लोगों को आवारा कुत्ते काट चुके हैं। इसके बावजूद समस्या के स्थायी समाधान के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए हैं।
घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने नगर निगम से आवारा कुत्तों की समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बच्चों और अन्य लोगों के साथ ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0