अस्पताल में भर्ती परिचित से मिलकर लौट रहे थे तीनों, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार
अस्पताल में भर्ती परिचित से मिलकर लौट रहे थे तीनों, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार
खबर खास | सोनीपत
हरियाणा के सोनीपत जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (एनएच-44) पर बुधवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब तीनों अपनी कार का पंचर टायर बदल रहे थे और पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
यह हादसा गन्नौर क्षेत्र में शान-ए-पंजाब ढाबा के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, तीनों युवक अपनी कार से लौट रहे थे। रास्ते में कार का टायर पंचर हो गया, जिसके बाद उन्होंने सड़क किनारे वाहन रोककर टायर बदलना शुरू किया। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
हादसा इतना भीषण था कि फरीदाबाद निवासी सुनील और गन्नौर के शाहपुर टागा गांव निवासी मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरे युवक उमेश को गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक एक अस्पताल में भर्ती अपने परिचित से मिलकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी कार का टायर पंचर हो गया और टायर बदलते समय यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक सड़क किनारे टायर बदलने में व्यस्त थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों कई मीटर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक दो युवकों की मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही बारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0