चंडीगढ़ में पुलिस बीट बॉक्स के सामने पिस्तौल की नोक पर लूटी थी कार; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
चंडीगढ़ में पुलिस बीट बॉक्स के सामने पिस्तौल की नोक पर लूटी थी कार; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
खबर खास | चंडीगढ़
चंडीगढ़ के सेक्टर-46 में पुलिस बीट बॉक्स के ठीक सामने पिस्तौल की नोक पर लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार शुक्रवार देर रात जीरकपुर से बरामद कर ली गई। हालांकि, वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी है। गुरुवार रात करीब 11:15 बजे दो हथियारबंद युवकों ने एक दुकानदार को पिस्तौल दिखाकर धमकाया और उसकी कार लेकर फरार हो गए थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, वारदात के समय पुलिस बीट बॉक्स पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। मुख्य सड़क पर पुलिस बीट बॉक्स के ठीक सामने हुई इस लूट की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद पुलिस के नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के तहत गश्त और जांच व्यवस्था की प्रभावशीलता पर भी चर्चा हो रही है।
बुड़ैल निवासी मोहन सेक्टर-46 में पुलिस बीट बॉक्स के सामने अंडे, ब्रेड और दूध की दुकान चलाते हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि गुरुवार रात वह अपनी स्विफ्ट डिजायर कार में सामान रख रहे थे। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे। आरोप है कि एक युवक ने पिस्तौल निकालकर उन्हें डराया, जबकि दूसरा कार की चालक सीट पर बैठ गया। मोहन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दोनों आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गए।
वारदात के बाद मोहन ने हिम्मत दिखाते हुए लुटेरों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी भागने में सफल रहे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलने पर सेक्टर-34 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जीरकपुर से बरामद हुई लूटी गई कार
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की। शुक्रवार देर रात लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार जीरकपुर से बरामद कर ली गई। हालांकि, कार लूटने वाले दोनों आरोपियों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस उनकी पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जांच कर रही है।
पुलिस घटनास्थल और आसपास की सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने और वारदात से पहले तथा बाद में उनकी गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, पुलिस बीट बॉक्स के सामने हुई इस वारदात ने इलाके में गश्त, निगरानी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0