नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 22 जून तक टेलीग्राम सेवाएं निलंबित रहेंगी, जबकि मैसेज एडिट करने की सुविधा 30 जून तक बंद रहेगी।
नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 22 जून तक टेलीग्राम सेवाएं निलंबित रहेंगी, जबकि मैसेज एडिट करने की सुविधा 30 जून तक बंद रहेगी।
खबर खास | नई दिल्ली
केंद्र सरकार ने नीट (यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा से पहले प्रश्नपत्रों, अफवाहों और फर्जी सूचनाओं के प्रसार पर रोक लगाने के उद्देश्य से भारत में मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम की सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने का निर्णय लिया है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता, विश्वसनीयता और सुरक्षा बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एजेंसी के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से भ्रामक सूचनाएं और कथित परीक्षा सामग्री प्रसारित किए जाने की घटनाएं सामने आई हैं।
एहतियात के तौर पर सरकार ने 21 जून को होने वाली नीट-यूजी पुनर्परीक्षा से पहले 22 जून 2026 तक भारत में टेलीग्राम सेवाओं पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया है। एनटीए ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइटों और अधिकृत संचार माध्यमों पर ही भरोसा करें तथा किसी भी अपुष्ट सूचना को न तो मानें और न ही साझा करें।
एजेंसी ने आगे बताया कि यह अस्थायी प्रतिबंध सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत लगाया गया है। एक अलग निर्देश में टेलीग्राम को भारत में 30 जून 2026 तक अपनी मैसेज एडिट (संदेश संपादन) सुविधा भी बंद रखने के लिए कहा गया है, ताकि परीक्षा अवधि के दौरान पहले भेजे गए संदेशों में किसी प्रकार का बदलाव न किया जा सके।
सरकार का कहना है कि ये कदम निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा वातावरण सुनिश्चित करने तथा ऐसी भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए उठाए गए हैं, जो पुनर्परीक्षा की विश्वसनीयता और अखंडता को प्रभावित कर सकती हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0