राघव चड्ढा को मुख्यमंत्री कोटे से हाउस नंबर 50 किस हैसियत से दिया गया था? कहा, पार्टी का पंजाबियों और अपने समर्पित कार्यकर्ताओं के सामने पर्दाफाश हुआ
राघव चड्ढा को मुख्यमंत्री कोटे से हाउस नंबर 50 किस हैसियत से दिया गया था? कहा, पार्टी का पंजाबियों और अपने समर्पित कार्यकर्ताओं के सामने पर्दाफाश हुआ
खबर खास, चंडीगढ़ :
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने और उसके बाद हुए खुलासों ने कांग्रेस के पिछले चार वर्षों के पक्ष को सही साबित कर दिया है कि आप ने पंजाब का शासन दिल्ली नेतृत्व के हवाले किया हुआ था।
वड़िंग ने मुख्यमंत्री मान द्वारा स्वयं यह बात मानने का उल्लेख करते हुए कि राघव चड्ढा को “एलीट हाउस नंबर 50” आवंटित किया गया था, जो मुख्यमंत्री कोटे में आता है, पर सवाल उठाते हुए पूछा कि उन्हें यह घर किस हैसियत से दिया गया था। उन्होंने कहा कि आप और मुख्यमंत्री को पंजाब के लोगों को इसका जवाब देना चाहिए।
इसी तरह, आप नेतृत्व द्वारा दल बदल करने वाले सांसदों पर पंजाब से विश्वासघात करने के लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इन लोगों ने पंजाब से विश्वासघात नहीं किया, क्योंकि पंजाब और पंजाबियों को उनसे कभी कोई उम्मीद ही नहीं थी। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों के साथ असली विश्वासघात उसी दिन हो गया था, जब आपने बाहरी लोगों और पैसे वालों को राज्यसभा के लिए नामित किया था। उन्होंने कहा कि आप अब वही काट रही है, जो उसने बोया था।
वड़िंग ने कहा कि पंजाब के लोगों के हित में यह अच्छा हुआ है कि ये सांसद दल बदल कर गए, क्योंकि इससे आप को कई बातें माननी और उजागर करनी पड़ी हैं, जिन्हें अब तक सिर्फ विपक्षी दल ही कहते रहे थे। उन्होंने कहा कि चाहे इन लोगों की संसद की सदस्यता हो या इन्हें मिली ताकत, यह सब कुछ पंजाब के लोगों की कीमत पर था, खासकर वे पंजाबी आप कार्यकर्ता जिन्हें नजरअंदाज कर बाहरी लोगों को महत्व दिया गया। उन्होंने कहा कि पंजाबी इस बात को हमेशा याद रखेंगे।
वड़िंग ने जोर देते हुए, कहा कि वह पंजाब के उन सभी आप कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ पूरी सहानुभूति रखते हैं, जिनकी मेहनत को नजरअंदाज करके कारोबारियों, उद्योगपतियों, धनाढ्यों और बाहरी लोगों को तरजीह दी गई थी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0