विराट कोल्ही का बड़ा बयान—अगर टीम में योगदान की कद्र नहीं होगी, तो नहीं खेलेंगे आगे
विराट कोल्ही का बड़ा बयान—अगर टीम में योगदान की कद्र नहीं होगी, तो नहीं खेलेंगे आगे
ख़बर खास | नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोल्ही ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर और 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलने की संभावना को लेकर खुलकर बात की है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान कोहली ने कहा कि वह तब तक खेलते रहेंगे जब तक उन्हें लगेगा कि वह टीम के माहौल में सही मायने में योगदान दे सकते हैं और उनके योगदान की कद्र की जाती है।
उन्होंने कहा, “मेरा नजरिया बिल्कुल साफ है। अगर मैं जिस माहौल का हिस्सा हूं उसमें वैल्यू जोड़ पा रहा हूं और टीम को भी लगता है कि मैं योगदान दे सकता हूं, तो मैं खेलता रहूंगा। लेकिन अगर मुझे यह महसूस कराया गया कि मुझे बार-बार अपनी अहमियत साबित करनी है, तो मैं उस जगह पर नहीं रहना चाहता।”
कोहली ने यह भी कहा कि वह अपनी तैयारी और कमिटमेंट को लेकर पूरी तरह ईमानदार रहते हैं। पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा कि वह टीम के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं, जिसमें लंबे समय तक मैदान पर फील्डिंग करना भी शामिल है।
उन्होंने कहा, “मैं हर गेंद को ऐसे खेलता हूं जैसे वह मेरे करियर की आखिरी गेंद हो। मैं बल्लेबाजी करता हूं, रनिंग करता हूं और टीम के लिए अपना सब कुछ दे देता हूं।” उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इतनी मेहनत के बाद वह ऐसे माहौल में नहीं रहना चाहते जहां उन्हें लगातार खुद को सही ठहराना पड़े।
इस दौरान कोहली ने करीब दो दशकों बाद दिल्ली क्रिकेट टीम के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी पर भी बात की। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ खेल के प्रति अपने प्यार के कारण मैदान पर उतरे और बिना किसी दबाव के बल्लेबाजी का आनंद लिया।
उन्होंने कहा, “जैसे ही मैंने खेल को फिर से एंजॉय करना शुरू किया, सारा दबाव खत्म हो गया। मैं फिर से एक बच्चे जैसा महसूस करने लगा।”
कोहली के इस बयान के बाद एक बार फिर टीम इंडिया के माहौल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इससे पहले रोहित शर्मा और कोहली दोनों ने पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी और अब वे सिर्फ वनडे मैचों में ही नजर आते हैं। रिपोर्ट्स में लगातार यह कहा जा रहा है कि 2027 वर्ल्ड कप में इन दोनों दिग्गजों की भागीदारी अभी तय नहीं है।
इसके अलावा टीम के अंदरूनी माहौल को लेकर भी अटकलें लगती रही हैं, खासकर हेड कोच गौतम गंभीर, कोहली और रोहित शर्मा के बीच तनाव की खबरों को लेकर, हालांकि किसी ने भी इन अटकलों पर सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा है। 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाए जाने के बाद यह बहस और तेज हो गई थी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0