बच्चों द्वारा खड़ी मोटरसाइकिल को छूने के बाद महिला से मारपीट का आरोप; वायरल वीडियो पर पुलिस ने लिया स्वतः संज्ञान, आरोपी दुकानदार विकास शर्मा की तलाश में छापेमारी
बच्चों द्वारा खड़ी मोटरसाइकिल को छूने के बाद महिला से मारपीट का आरोप; वायरल वीडियो पर पुलिस ने लिया स्वतः संज्ञान, आरोपी दुकानदार विकास शर्मा की तलाश में छापेमारी
खबर खास | कपूरथला
कपूरथला के ऐतिहासिक माता श्री भद्रकाली मंदिर के बाहर एक महिला के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी रोष है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति महिला को चप्पलों से पीटता और लात मारता नजर आ रहा है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अपने कई बच्चों के साथ मंदिर के गेट के पास बैठी थी। इसी दौरान बच्चे खेलते हुए वहां खड़ी एक मोटरसाइकिल के पास पहुंचे और कथित तौर पर उसे छू दिया। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल के मालिक ने इस बात पर गुस्सा होकर महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी।
वायरल वीडियो में आरोपी महिला को बार-बार चप्पलों से पीटता दिखाई दे रहा है। आसपास मौजूद श्रद्धालुओं और लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि आरोपी ने महिला को लात भी मारी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने आरोपी के व्यवहार की कड़ी निंदा की।
वीडियो वायरल होने के बाद कपूरथला पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान आरोपी की पहचान विकास शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह शेखूपुर का रहने वाला है और मंदिर के सामने दुकान चलाता है।
डीएसपी डॉ. शीतल सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस ने तत्काल कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। वायरल वीडियो के आधार पर सिटी थाना कपूरथला में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस टीमों ने आरोपी के घर और दुकान पर छापेमारी की, लेकिन वह वहां नहीं मिला। पुलिस के मुताबिक आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
मंदिर जैसे धार्मिक स्थल के बाहर महिला के साथ हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के साथ व्यवहार को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0