सिर्फ तीन हफ्तों में 1 बिलियन डॉलर के क्लब में एंट्री, ‘द डार्क नाइट’ को छोड़ा पीछे; अब ‘द डार्क नाइट राइजेज’ पर नजर
सिर्फ तीन हफ्तों में 1 बिलियन डॉलर के क्लब में एंट्री, ‘द डार्क नाइट’ को छोड़ा पीछे; अब ‘द डार्क नाइट राइजेज’ पर नजर
हॉलीवुड के मशहूर निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘द ओडिसी’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। मैट डेमन स्टारर इस फिल्म ने रिलीज के महज तीन हफ्तों में दुनियाभर में 1 बिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर लिया है। भारतीय मुद्रा में फिल्म की कमाई करीब 9,609 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुकी है।
खास बात यह है कि ‘द ओडिसी’ ने यह उपलब्धि ऐसे समय में हासिल की है, जब बॉक्स ऑफिस पर ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ जैसी बड़ी फिल्म भी दर्शकों के बीच जबरदस्त पकड़ बनाए हुए है। इसके बावजूद नोलन की फिल्म ने अपनी रफ्तार बरकरार रखी है और दुनिया भर में दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही है।
नॉर्थ अमेरिका में 429 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई
तीन हफ्तों के बॉक्स ऑफिस सफर में ‘द ओडिसी’ ने नॉर्थ अमेरिका में करीब 429.6 मिलियन डॉलर और अंतरराष्ट्रीय बाजार में 578.8 मिलियन डॉलर की कमाई की है। इस तरह फिल्म का ग्लोबल कलेक्शन 1.009 बिलियन डॉलर यानी 9,609 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है।
इस शानदार प्रदर्शन के साथ फिल्म ने क्रिस्टोफर नोलन की साल 2008 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म ‘द डार्क नाइट’ को भी पीछे छोड़ दिया है। ‘द डार्क नाइट’ ने दुनियाभर में करीब 1.008 बिलियन डॉलर की कमाई की थी।
अब ‘द ओडिसी’ के सामने नोलन की एक और बड़ी फिल्म ‘द डार्क नाइट राइजेज’ का रिकॉर्ड है, जिसने करीब 1.081 बिलियन डॉलर का ग्लोबल कलेक्शन किया था। ऐसे में अब नजर इस बात पर है कि क्या ‘द ओडिसी’ नोलन की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन पाएगी।
पहले हफ्ते से ही बॉक्स ऑफिस पर दबदबा
‘द ओडिसी’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर जोरदार शुरुआत की थी। फिल्म ने पहले ही सप्ताह में 500 मिलियन डॉलर यानी करीब 4,762 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली थी। दूसरे सप्ताह में भी फिल्म की कमाई की रफ्तार बनी रही और उसने मजबूत पकड़ बनाए रखी।
जब ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ सिनेमाघरों में पहुंची, तब तक ‘द ओडिसी’ दुनियाभर में 800 मिलियन डॉलर यानी करीब 7,619 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा चुकी थी। हालांकि, ‘स्पाइडर-मैन’ की जबरदस्त ओपनिंग का असर नोलन की फिल्म के कलेक्शन पर दिखाई दिया।
तीसरे वीकेंड में ‘द ओडिसी’ ने नॉर्थ अमेरिका में करीब 51 मिलियन डॉलर कमाए, जबकि पिछले वीकेंड में इसका कलेक्शन करीब 90 मिलियन डॉलर रहा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी ‘स्पाइडर-मैन’ को ज्यादा स्क्रीन मिलने से ‘द ओडिसी’ के प्रदर्शन पर असर पड़ा। इसके बावजूद IMAX स्क्रीन्स पर फिल्म की मजबूत पकड़ ने इसकी कमाई को संभाले रखा है।
होमर की महाकाव्य कथा पर आधारित है फिल्म
क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’ प्राचीन यूनानी कवि होमर की प्रसिद्ध महाकाव्य रचना पर आधारित है। कहानी ओडिसियस की उस लंबी और रोमांचक यात्रा के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें वह अपने घर लौटने के लिए खतरनाक समुद्र, तूफानों, राक्षसों और कई मुश्किल परिस्थितियों का सामना करता है।
फिल्म में मैट डेमन के साथ रॉबर्ट पैटिनसन, टॉम हॉलैंड, जेंडया, ऐनी हैथवे, चार्लीज थेरॉन और ट्रैविस स्कॉट जैसे बड़े सितारे नजर आ रहे हैं। शानदार स्टारकास्ट, भव्य विजुअल्स और नोलन की खास फिल्ममेकिंग ने ‘द ओडिसी’ को ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता दिलाई है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0