छत के रास्ते घर में घुसे हमलावरों की आशंका, महिला पर लोहे की भारी रॉड से हमला; फोरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए सबूत
छत के रास्ते घर में घुसे हमलावरों की आशंका, महिला पर लोहे की भारी रॉड से हमला; फोरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए सबूत
खबर खास | पठानकोट
पठानकोट में सोमवार रात एक 75 वर्षीय महिला की घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान आशा महाजन, पत्नी सुभाष चंद्र महाजन, के रूप में हुई है। आशा महाजन के सिर, चेहरे और गर्दन पर लोहे की भारी रॉड से गंभीर वार किए गए। घटना के समय वह घर में अकेली थीं।
जानकारी के अनुसार, वारदात सोमवार रात करीब 9 बजे से 9:15 बजे के बीच हुई। आशा महाजन के पति शाहपुर चौक में किराने की दुकान चलाते हैं। घटना के समय वह अपने बेटे के साथ दुकान पर गए हुए थे।
पड़ोसियों के मुताबिक, घर से चीखने की आवाजें सुनाई देने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर के फर्श पर खून बिखरा हुआ था और आशा महाजन गंभीर हालत में पड़ी मिलीं।
पड़ोसियों ने उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। गंभीर चोटों के कारण उनकी हालत बेहद नाजुक थी।
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हमलावर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए होंगे। पुलिस को शक है कि आरोपियों ने अंदर आने के बाद मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर दिया और वारदात को अंजाम देने के बाद छत के रास्ते फरार हो गए।
घर में सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे भी लगाए गए थे, लेकिन घटना के बाद CCTV कैमरा और DVR दोनों गायब मिले। पुलिस को आशंका है कि हमलावरों को घर में लगे निगरानी तंत्र की जानकारी थी और उन्होंने सबूत मिटाने के लिए कैमरा व DVR हटा दिए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पठानकोट के एसपी (डी) जगदीश अत्री, CIA इंस्पेक्टर मनदीप सलगोतरा और स्थानीय थाना प्रभारी दविंदर कशनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम को बुलाया।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट, खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह, हमलावरों के घर में प्रवेश करने के तरीके और CCTV व DVR गायब किए जाने की कड़ी को जोड़कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
गांवों के विकास से युवाओं के रोजगार तक, सीएम मान ने गिनाईं पंजाब सरकार की उपलब्धियां
November 16, 2026अमृतसर एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन सुविधा शुरू
November 17, 2026चंडीगढ़ में पुलिस बूथ के पास 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला, चार हमलावर फरार
November 17, 2026
Comments 0