दूध लेने गई बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने किया हमला, लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का लगाया आरोप
दूध लेने गई बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने किया हमला, लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का लगाया आरोप
खबर खास | मोरिंडा (रूपनगर)
पंजाब के रूपनगर जिले के मोरिंडा में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय बच्ची की आवारा कुत्तों के हमले में मौत हो गई। बच्ची दोपहर के समय घर के पास स्थित बाजार से दूध लेने के लिए निकली थी। इसी दौरान उसने रास्ते में आवारा कुत्तों का एक झुंड देखा, जिससे वह घबरा गई।
खुद को बचाने के लिए बच्ची वापस घर की ओर दौड़ी, लेकिन कुत्तों ने उसका पीछा किया और उस पर हमला कर दिया। कुत्तों के झुंड ने बच्ची को बुरी तरह नोच डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्ची मदद के लिए चीखती हुई दिखाई दे रही है, जबकि कुत्ते उसे चारों ओर से घेरकर हमला कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने किसी तरह बच्ची को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। बाद में उसे पीजीआई रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्ची की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है।
इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि उन्होंने आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद को शिकायतें दी थीं, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई की जाती, तो इस मासूम की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0