शॉर्ट सर्किट से भड़की आग ने मचाई अफरा-तफरी, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
शॉर्ट सर्किट से भड़की आग ने मचाई अफरा-तफरी, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में शनिवार को शॉर्ट सर्किट के कारण एक इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ के चलते बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस टीम ने इमारत और आसपास की सटी हुई इमारतों में मौजूद कुल 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1:58 बजे मॉडल टाउन थाना क्षेत्र की एक इमारत में शॉर्ट सर्किट के बाद आग भड़क उठी। मॉडल टाउन थाने के बीट ऑफिसर हेड कांस्टेबल पवन सबसे पहले मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक गिरि को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसएचओ अशोक गिरि ने बिना देरी किए पीसीआर कॉल कर संबंधित आपातकालीन एजेंसियों को अलर्ट किया। इसके बाद इंस्पेक्टर अशोक गिरि अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम में हेड कांस्टेबल महेंद्र और कांस्टेबल चंदर पाल भी शामिल थे। पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचते ही बचाव अभियान शुरू कर दिया।
पुलिस टीम ने आग की चपेट में आई इमारत के साथ आसपास की सटी हुई इमारतों को भी खाली कराया। पुलिसकर्मियों ने पूरी सावधानी के साथ अंदर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान कुल 30 लोगों को रेस्क्यू किया गया।
पुलिस की समय पर पहुंच और तत्काल शुरू किए गए बचाव अभियान के कारण आग की इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों की तत्परता, साहस और टीमवर्क की सराहना की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0