पूर्व केंद्रीय मंत्री बूटा सिंह पर कथित जातिसूचक टिप्पणी का मामला, आयोग ने जांच तेज कर चार्जशीट दाखिल करने के भी दिए निर्देश
पूर्व केंद्रीय मंत्री बूटा सिंह पर कथित जातिसूचक टिप्पणी का मामला, आयोग ने जांच तेज कर चार्जशीट दाखिल करने के भी दिए निर्देश
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद राजा वड़िंग की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री स्वर्गीय बूटा सिंह को लेकर चुनावी सभा में कथित अपमानजनक और जातिसूचक टिप्पणी के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने पंजाब पुलिस को राजा वड़िंग समेत मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई करने और पांच दिनों के भीतर स्टेटस रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को आयोग के अध्यक्ष किशोर मकवाना की अध्यक्षता में मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान आयोग ने जांच में कथित देरी और पहले दिए गए निर्देशों पर कार्रवाई की रिपोर्ट नहीं सौंपे जाने को लेकर नाराजगी जताई। आयोग ने पुलिस को मामले की जांच जल्द पूरी करने और चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश भी दिए हैं।
सुनवाई के दौरान स्वर्गीय बूटा सिंह के बेटे और शिकायतकर्ता सरबजोत सिंह के अलावा तरनतारन पुलिस के डीएसपी हरप्रीत सिंह और डीएसपी गुलजार सिंह भी मौजूद रहे। आयोग ने दोनों पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच और अब तक की कार्रवाई को लेकर सवाल-जवाब किए। शिकायतकर्ता और पुलिस अधिकारियों की दलीलें सुनने के बाद आयोग ने आगे की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।
आयोग ने शिकायतकर्ता सरबजोत सिंह को कथित तौर पर मिल रही धमकियों का भी संज्ञान लिया है। आयोग की ओर से दिल्ली और पंजाब में उन्हें तत्काल 24 घंटे पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की सिफारिश की गई है।
यह पूरा विवाद 11 नवंबर को तरनतारन विधानसभा उपचुनाव के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार से जुड़ा है। आरोप है कि चुनावी सभा में राजा वड़िंग ने पूर्व केंद्रीय मंत्री बूटा सिंह के रंग-रूप और एक्सरसाइज को लेकर टिप्पणी की थी। बूटा सिंह के परिवार और दलित समुदाय के कुछ लोगों ने इन टिप्पणियों को अपमानजनक और जातिसूचक बताते हुए आपत्ति जताई थी। इसके बाद बूटा सिंह के बेटे सरबजोत सिंह की शिकायत पर राजा वड़िंग के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
विवाद बढ़ने के बाद राजा वड़िंग ने अपनी सफाई में कहा था कि बूटा सिंह उनके लिए पिता समान और कांग्रेस के बेहद सम्मानित नेता रहे हैं। उन्होंने कहा था कि वह कभी उनका अपमान नहीं कर सकते। वड़िंग ने दावा किया था कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया और उनकी टिप्पणी का गलत अर्थ निकाला गया।
अब NCSC के ताजा निर्देश के बाद इस मामले में पंजाब पुलिस की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। आयोग ने पांच दिनों के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है, जिससे राजा वड़िंग के खिलाफ दर्ज इस मामले में कानूनी कार्रवाई तेज होने की संभावना है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0