सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के टेंडर में कथित भ्रष्टाचार का मामला, जांच एजेंसी ने इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर लगाए गंभीर आरोप
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के टेंडर में कथित भ्रष्टाचार का मामला, जांच एजेंसी ने इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर लगाए गंभीर आरोप
दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के टेंडर में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामले में एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने पूर्व दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद एसीबी मंगलवार को सत्येंद्र जैन को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश कर रही है।
इस मामले में गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में तत्कालीन DJB CEO और IAS अधिकारी उदित प्रकाश राय, बोर्ड के पूर्व संविदा सलाहकार अंकित श्रीवास्तव, AN Enterprises के प्रोपराइटर नागेंद्र यादव, Eurotech Environment Pvt. Ltd. के मालिक राजा कुमार कुर्रा और सृजनहार के प्रोपराइटर पंकज वर्मा शामिल हैं।
एसीबी के संयुक्त पुलिस आयुक्त विक्रमजीत सिंह के मुताबिक, जांच के दौरान निजी कंपनियों और सरकारी अधिकारियों के बीच लगातार संपर्क के सबूत सामने आए हैं। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच में कथित तौर पर टेंडर की शर्तों, कॉरिजेंडम और अन्य दस्तावेजों के आदान-प्रदान की जानकारी मिली है। जांच एजेंसी का दावा है कि बाद में इन शर्तों में से कुछ को टेंडर में शामिल किया गया। इस मामले में 11 मई 2024 को एफआईआर दर्ज की गई थी और अब लेनदेन के साथ-साथ कथित अपराध से अर्जित रकम की भी जांच की जा रही है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया में कथित हेराफेरी के जरिए Eurotech को करीब 10 करोड़ रुपये का अनुचित लाभ पहुंचा। आरोप है कि वरिष्ठ अधिकारियों को नकदी, हवाला लेनदेन और फर्जी इनवॉयस के माध्यम से करीब 6.73 करोड़ रुपये की रिश्वत दी गई। एजेंसियों के मुताबिक, करीब 17.70 करोड़ रुपये के कथित घोटाले में अब तक 15.36 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की जा चुकी है।
एसीबी का दावा है कि तत्कालीन DJB CEO उदित प्रकाश राय और उनके रिश्तेदारों के बैंक खातों में AN Enterprises के माध्यम से करीब 1.52 करोड़ रुपये पहुंचे। जांच एजेंसी ने इस रकम को कथित रिश्वत बताया है। एजेंसी के अनुसार, इस रकम का इस्तेमाल अचल संपत्ति खरीदने में किया गया। जांच में यह भी सामने आने का दावा किया गया है कि AN Enterprises के खाते में यह रकम Eurotech से जुड़ी संस्थाओं के जरिए पहुंची थी।
सत्येंद्र जैन इससे पहले तिहाड़ जेल में रहने के दौरान कथित VIP ट्रीटमेंट को लेकर भी विवादों में रहे थे। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अदालत में हलफनामा और तस्वीरें पेश कर उन्हें जेल में विशेष सुविधाएं मिलने का आरोप लगाया था। हालांकि, आम आदमी पार्टी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए जैन की तबीयत खराब होने की बात कही थी।
अब राउज एवेन्यू कोर्ट में सत्येंद्र जैन की पेशी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच की दिशा स्पष्ट होगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0