सीएम नायब सैनी ने कई योजनाओं के तहत लाभार्थियों को दी सौगात, सामाजिक सुरक्षा पेंशन से लेकर किसानों और महिलाओं के खातों में सीधे भेजी गई राशि
सीएम नायब सैनी ने कई योजनाओं के तहत लाभार्थियों को दी सौगात, सामाजिक सुरक्षा पेंशन से लेकर किसानों और महिलाओं के खातों में सीधे भेजी गई राशि
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को प्रदेश के लाभार्थियों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये की राशि जारी की। लाभ वितरण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त जारी कर दी गई है। इस किस्त के तहत प्रदेश की करीब 9 लाख 98 हजार लाभार्थी बहनों और बेटियों के बैंक खातों में 209 करोड़ 62 लाख रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए हैं। उन्होंने बताया कि योजना की अब तक 10 किस्तों के माध्यम से कुल 2,042 करोड़ 31 लाख रुपये की राशि लाभार्थियों को दी जा चुकी है।
34.93 लाख लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत भी सोमवार को 1,124 करोड़ 94 लाख रुपये की राशि जारी की गई। यह रकम सीधे 34 लाख 93 हजार 978 लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से पहुंचाई गई।
सैनी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाना पारदर्शिता और सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सरकार का प्रयास है कि पात्र लोगों को बिना किसी परेशानी के समय पर योजनाओं का लाभ मिले।
दयालु योजना के तहत 6,224 परिवारों को आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि दयालु योजना के तहत सोमवार को 6,224 परिवारों को 234 करोड़ 77 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके साथ ही योजना के तहत अब तक 83,536 परिवारों को 3,152 करोड़ 48 लाख रुपये की सहायता राशि जारी की जा चुकी है।
इसके अलावा हर घर हर गृह योजना के तहत 4 लाख 93 हजार 434 बहनों के खातों में जून महीने की सब्सिडी भी ट्रांसफर की गई। इस मद में सोमवार को 19 करोड़ 17 लाख रुपये जारी किए गए। अब तक इस योजना के तहत कुल 340 करोड़ 14 लाख रुपये की सब्सिडी दी जा चुकी है।
13 हजार से ज्यादा किसानों को हरित खाद के लिए सहायता
सरकार ने हरित खाद को बढ़ावा देने के लिए भी किसानों को आर्थिक सहायता दी है। मुख्यमंत्री के अनुसार, 13,237 किसानों के खातों में 7 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई। यह सहायता खरीफ सीजन 2026-27 के दौरान करीब 70 हजार एकड़ क्षेत्र में ढेंचा और मूंग को हरी खाद के रूप में अपनाने के लिए दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को प्राकृतिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों की ओर प्रोत्साहित करने के साथ-साथ महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद परिवारों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को मजबूत करने पर लगातार काम कर रही है।
14 अगस्त को गुरुग्राम में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि 14 अगस्त को गुरुग्राम में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के जरिए विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले और विस्थापन का दर्द झेलने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0