चीनी जोड़ी को 3 गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में दी मात, 15 साल बाद महिला युगल में भारत का पदक तय
चीनी जोड़ी को 3 गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में दी मात, 15 साल बाद महिला युगल में भारत का पदक तय
भारतीय बैडमिंटन की दुनिया से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय महिला युगल जोड़ी ने बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में जगह बनाकर देश के लिए पदक पक्का कर दिया है। क्वार्टर फाइनल में भारतीय जोड़ी ने चीन की जिया यी फान और झांग शू जियान को कड़े मुकाबले में 16-21, 21-15, 21-13 से हराया।
विश्व चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचते ही पदक पक्का हो जाता है। त्रीसा और गायत्री का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास है क्योंकि करीब 15 साल बाद भारत की महिला युगल जोड़ी ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पदक सुनिश्चित किया है। इससे पहले 2011 में ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा ने लंदन में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था।
भारतीय जोड़ी ने मुकाबले की शुरुआत हार के साथ की। चीन की जोड़ी ने पहला गेम 21-16 से अपने नाम कर लिया, लेकिन त्रीसा और गायत्री ने शानदार वापसी करते हुए दूसरे गेम में 21-15 से जीत दर्ज की। निर्णायक गेम में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और 21-13 से गेम जीतकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया।
चोट से वापसी कर रही त्रीसा ने इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। इस भारतीय जोड़ी ने इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। त्रीसा और गायत्री 2022 और 2023 में ऑल इंग्लैंड ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंच चुकी हैं। दोनों ने 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक भी अपने नाम किया था और पिछले साल की शुरुआत में विश्व रैंकिंग में शीर्ष 10 में जगह बनाने में सफल रही थीं।
इस साल एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप और उबर कप की तैयारियों के दौरान त्रीसा के टखने में गंभीर चोट लग गई थी। अभ्यास के दौरान उनका पैर पार्टनर के पैर पर पड़ गया, जिससे टखना मुड़ गया। इसके बाद कराई गई एमआरआई में चोट की गंभीरता सामने आई और उन्हें लंबे रिहैब से गुजरना पड़ा।
रिहैब के बाद त्रीसा और गायत्री ने इंडोनेशिया ओपन से कोर्ट पर वापसी की। इसके बाद दोनों ने यूएस ओपन में हिस्सा लिया और फिलीपींस इंटरनेशनल चैलेंज में भी खेला। चोट से वापसी के बाद विश्व चैंपियनशिप में इस ऐतिहासिक प्रदर्शन ने भारतीय बैडमिंटन के लिए नई उम्मीद जगा दी है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0