रेल मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने दिखाई हरी झंडी; नए रूट से पंजाब के कई जिलों को मिलेगा बेहतर रेल संपर्क
रेल मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने दिखाई हरी झंडी; नए रूट से पंजाब के कई जिलों को मिलेगा बेहतर रेल संपर्क
खबर खास | अमृतसर
करीब सात महीने के अंतराल के बाद अमृतसर–कटड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा दोबारा शुरू हो गई है। इस ट्रेन को आज अमृतसर रेलवे स्टेशन से केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह ट्रेन पहले भी संचालित होती थी, लेकिन अब इसके रूट में बदलाव किया गया है। नए रूट के अनुसार ट्रेन अब ब्यास और जालंधर के रास्ते नहीं चलेगी। इसके बजाय यह बटाला, गुरदासपुर और पठानकोट होकर श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क सुविधा मिलेगी।
संशोधित रूट और समय-सारिणी
ट्रेन संख्या 26405 अमृतसर से शाम 4:40 बजे रवाना होगी। यह 5:18 बजे बटाला, 5:58 बजे गुरदासपुर, 6:32 बजे पठानकोट और 8:03 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन रात 9:45 बजे कटड़ा पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 26406 कटड़ा से सुबह 6:40 बजे रवाना होगी और 11:40 बजे अमृतसर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
नया साप्ताहिक शेड्यूल
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पहले यह ट्रेन मंगलवार को संचालित नहीं होती थी। नए समय-सारिणी के तहत अब यह ट्रेन शनिवार को नहीं चलेगी।
रेलवे का कहना है कि संशोधित रूट और नई समय-सारिणी का उद्देश्य यात्रियों की सुविधा बढ़ाना और पंजाब तथा जम्मू-कश्मीर के बीच रेल संपर्क को और मजबूत बनाना है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0