कनाडा के बोलो प्रोग्राम ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले को 2.50 लाख कनाडाई डॉलर देने का ऐलान किया; पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड समेत भारत में कई मामलों में है वांछित, FBI भी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में कर चुकी है शामिल।
खबर खास | चंडीगढ़
कनाडा ने फरार गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को देश का सबसे वांछित भगोड़ा घोषित किया है। उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले को 2.50 लाख कनाडाई डॉलर (करीब 1.62 करोड़ रुपये) का इनाम देने की घोषणा की गई है। गोल्डी बराड़ भारत में कई आपराधिक मामलों में वांछित है। इनमें पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की चर्चित हत्या का मामला भी शामिल है।
कनाडा के बोलो प्रोग्राम ने गुरुवार को इस इनाम की घोषणा की। यह कार्यक्रम पुलिस एजेंसियों के साथ मिलकर वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए आम लोगों की मदद लेता है। कार्यक्रम ने लोगों से अपील की है कि वे गोल्डी बराड़ के बारे में विश्वसनीय जानकारी साझा करें, जिससे कानून प्रवर्तन एजेंसियां उसे तलाश कर गिरफ्तार कर सकें। इस इनाम की समय सीमा 2 नवंबर 2027 तक रखी गई है।
इस घटनाक्रम के बीच गोल्डी बराड़ पर अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों का शिकंजा भी लगातार कसता दिखाई दे रहा है। अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई पहले ही उसे अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल कर चुकी है।
वहीं, कनाडा की विन्निपेग पुलिस गोल्डी बराड़ उर्फ सतिंदरजीत सिंह को सुखदूल सिंह गिल की हत्या के मामले में तलाश कर रही है। सुखदूल सिंह गिल की 20 सितंबर 2023 को हेजलटन ड्राइव के 200 ब्लॉक स्थित एक मकान में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में 23 फरवरी 2026 को गोल्डी बराड़ और करणबीर सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। दोनों पर प्रथम श्रेणी की हत्या और हत्या की साजिश रचने के आरोप लगाए गए हैं। कनाडा के कानून के तहत प्रथम श्रेणी की हत्या एक गंभीर अपराध है, जिसमें पहले से योजना बनाकर जानबूझकर हत्या करना शामिल है।
बोलो प्रोग्राम ने आम लोगों से अपील की है कि वे गोल्डी बराड़ के ठिकाने या उससे जुड़ी कोई भी भरोसेमंद जानकारी अधिकारियों तक पहुंचाएं, ताकि उसे गिरफ्तार किया जा सके।
दूसरी ओर, एफबीआई ने भी गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले को 10 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 9.32 करोड़ रुपये) का इनाम देने की घोषणा की है। अमेरिकी एजेंसी ने 28 सितंबर को उसे अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया था। एफबीआई के मुताबिक, यह इनाम ऐसी विश्वसनीय जानकारी के लिए है, जिससे कानून प्रवर्तन एजेंसियां उसे हिरासत में ले सकें।
Comments 0