एयरपोर्ट से भारत मंडपम और वीवीआईपी होटलों तक कड़ी निगरानी, मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन; ड्रोन उड़ाने पर भी रहेगी पाबंदी
एयरपोर्ट से भारत मंडपम और वीवीआईपी होटलों तक कड़ी निगरानी, मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन; ड्रोन उड़ाने पर भी रहेगी पाबंदी
राजधानी दिल्ली में होने वाली ब्रिक्स समिट को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। समिट में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री, विदेशी प्रतिनिधि और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के अधिकारी शामिल होंगे। विदेशी मेहमानों की सुरक्षा के साथ आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक को लेकर व्यापक प्लान तैयार किया है।
दिल्ली पुलिस के करीब 15 हजार जवानों को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया है। इसके अलावा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की करीब 200 कंपनियां भी सुरक्षा में लगाई गई हैं। एयरपोर्ट, भारत मंडपम, वीवीआईपी होटलों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर कई स्तरों की सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है।
पुलिस के मुताबिक, वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान जरूरत के अनुसार कुछ समय के लिए चुनिंदा रास्तों पर ट्रैफिक रोका या डायवर्ट किया जाएगा। हालांकि, सभी रास्ते लगातार बंद नहीं रहेंगे। प्रतिबंध केवल वीवीआईपी आवाजाही के समय और आवश्यकता के मुताबिक लागू किए जाएंगे। आम लोगों से अपील की गई है कि वे प्रभावित मार्गों से बचें और पहले से जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
विदेशी मेहमानों के एयरपोर्ट पहुंचने से लेकर उनके होटल और कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। भारत मंडपम और प्रमुख होटलों में प्रवेश और निकास की जांच, निगरानी, सर्विलांस और वेरिफिकेशन की व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमें भी तैयार रखी गई हैं।
दिल्ली पुलिस केंद्र सरकार की विभिन्न एजेंसियों, पड़ोसी राज्यों की पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय कर रही है। वीवीआईपी के संभावित रूट का सर्वे भी किया गया है, जबकि आसपास के राज्यों के साथ तालमेल कर दूसरे राज्यों से आने-जाने वाले वाहनों और लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी जाएगी।
समिट के दौरान सुरक्षा के लिहाज से चिन्हित इलाकों में ड्रोन या किसी भी तरह के अनधिकृत फ्लाइंग ऑब्जेक्ट को उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस जमीन के साथ-साथ आसमान से होने वाली गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखेगी।
वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कमांड एंड कंट्रोल रूम से पूरे सुरक्षा इंतजाम की निगरानी की जाएगी। कैमरों और अन्य निगरानी प्रणालियों के जरिए प्रमुख मार्गों पर नजर रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति, एंबुलेंस की जरूरत या अचानक ट्रैफिक समस्या सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा प्रतिबंधों का मतलब सामान्य आवाजाही पूरी तरह बंद होना नहीं है। जिन रास्तों पर वीवीआईपी मूवमेंट का असर नहीं होगा, वहां सामान्य ट्रैफिक चलता रहेगा। मेट्रो सेवा पर भी सामान्य तौर पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा, हालांकि यात्रियों को संबंधित स्टेशनों और एग्जिट गेट्स की ताजा जानकारी पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0