सुबह 8:51 बजे धमकी भरा ईमेल मिला, पुलिस ने शुरू की गहन जांच
सुबह 8:51 बजे धमकी भरा ईमेल मिला, पुलिस ने शुरू की गहन जांच
खबर खास | अबोहर
पंजाब के अबोहर शहर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कई प्रमुख निजी स्कूलों को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली। एहतियात के तौर पर असम्पशन कॉन्वेंट स्कूल, डीएवी स्कूल सहित अन्य निजी शिक्षण संस्थानों को तत्काल खाली करा लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरा ईमेल सुबह 8:51 बजे प्राप्त हुआ, जिसमें दोपहर 1:30 बजे विस्फोट होने का दावा किया गया था। ईमेल मिलते ही स्कूल प्रबंधन, शिक्षक, छात्र और अभिभावकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकांश स्कूलों ने अवकाश घोषित कर दिया और अभिभावकों को सूचित कर छात्रों को सुरक्षित घर भेजने की व्यवस्था की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्कूल परिसरों की गहन तलाशी शुरू कर दी।
डीएवी स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती स्मिता शर्मा ने बताया कि स्कूल को परिसर को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ था। इसके बाद उन्होंने तुरंत स्कूल प्रबंधन, सिटी-2 थाना पुलिस और उपमंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) को इसकी सूचना दी।
रिकग्नाइज्ड एंड एफिलिएटेड स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम लाल अरोड़ा ने बताया कि ईमेल में असम्पशन कॉन्वेंट स्कूल के साथ-साथ कई अन्य निजी स्कूलों का भी उल्लेख किया गया था। छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित स्कूलों को एहतियातन खाली कराया गया।
घटना के बाद पुलिस प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जांच एजेंसियां धमकी भरे ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं। साथ ही ईमेल की उत्पत्ति का पता लगाया जा रहा है और यह भी जांच की जा रही है कि धमकी वास्तविक है या केवल अफवाह फैलाने के उद्देश्य से भेजी गई है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि छात्रों, शिक्षकों और स्कूल कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0