हरियाणा पुलिस ने जांच के लिए SIT गठित की, आरोपी ASI और होमगार्ड कर्मी सस्पेंड
हरियाणा पुलिस ने जांच के लिए SIT गठित की, आरोपी ASI और होमगार्ड कर्मी सस्पेंड
खबर खास | कुरुक्षेत्र
कुरुक्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बोन कैंसर से पीड़ित एक युवक ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
युवक, जो कीमोथेरेपी उपचार से गुजर रहा है और इलाज के कारण उसके सिर के बाल झड़ चुके हैं, ने आरोप लगाया कि 17 जून की रात ड्यूटी से घर लौटते समय उसे इंद्री नाके पर रोका गया और बाद में लाडवा पुलिस थाने ले जाया गया।
शिकायत के अनुसार, थाने में पुलिसकर्मियों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर उसकी शारीरिक स्थिति का मजाक उड़ाते हुए अपमानजनक टिप्पणियां कीं। युवक का आरोप है कि पुलिस अधिकारियों ने उसके पैरों को लेकर अभद्र टिप्पणी की और कहा कि वे “लड़की जैसे दिखते हैं।” इसके बाद दो सहायक उप-निरीक्षकों (ASI) और एक होमगार्ड कर्मी ने उसके साथ कथित तौर पर यौन दुराचार किया।
पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उसे रक्तस्राव होने लगा और अगले दिन उसकी तबीयत और बिगड़ गई। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली और वे उसे तुरंत अस्पताल ले गए। वर्तमान में उसका इलाज कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में चल रहा है।
मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक (SP) को दिए जाने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई। एसपी कुरुक्षेत्र चंद्रमोहन ने आरोपी एएसआई संजीव कुमार, एएसआई राजेंद्र कुमार और होमगार्ड कर्मी सुमीत को निलंबित कर दिया है।
लाडवा के डीएसपी निर्मल सिंह ने पुष्टि की है कि आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का भी गठन किया गया है, जो पूरे प्रकरण की जांच करेगा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0