बीमारी और आर्थिक संकट को माना जा रहा मौत का कारण, पुलिस जांच में जुटी
बीमारी और आर्थिक संकट को माना जा रहा मौत का कारण, पुलिस जांच में जुटी
खबर खास | शिमला
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला मुख्यालय के रोड़ा सेक्टर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक बुजुर्ग महिला और उसके बीमार बेटे की कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन करने से मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 66 वर्षीय कुमुद शर्मा और उनके 36 वर्षीय बेटे अक्षांश के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से अर्की के रहने वाले थे और पिछले कुछ समय से रोड़ा सेक्टर में किराए के मकान में रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार, अक्षांश लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित था। पिछले दो से तीन वर्षों से वह चलने-फिरने और दैनिक कार्य करने में भी असमर्थ था। उसकी मां कुमुद शर्मा एक सेवानिवृत्त शिक्षिका थीं।
शुक्रवार दोपहर जब लंबे समय तक घर में कोई गतिविधि नहीं दिखी तो पड़ोसियों को शक हुआ। घर के अंदर जाकर देखने पर मां और बेटे दोनों अचेत अवस्था में मिले। बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बेटे की लंबी बीमारी और परिवार की आर्थिक परेशानियों के चलते दोनों ने यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि, उन्होंने कौन-सा जहरीला पदार्थ सेवन किया, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संजीव धवल ने बताया कि जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या किए जाने के संदेह में मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की विस्तृत जांच जारी है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0