तीन युवकों ने सुंदर नगर पार्क में धारदार पंच से किया हमला, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
तीन युवकों ने सुंदर नगर पार्क में धारदार पंच से किया हमला, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
खबर खास | चंडीगढ़
चंडीगढ़ के मौलीजागरां क्षेत्र में सोमवार देर रात 15 वर्षीय किशोर की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। इलाके में 24 घंटे के भीतर यह दूसरी हत्या है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मृतक की पहचान अमित के रूप में हुई है, जो मौलीजागरां पार्ट-2 के सुंदर नगर का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, सुंदर नगर पार्क में किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद तीन युवकों ने उस पर धारदार पंच (Punch Weapon) से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
हमले में अमित के कान के पीछे गंभीर चोट लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही मौली जागरण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले रविवार रात 26 वर्षीय आशीष की भी फौजी पार्क में चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। 24 घंटे से भी कम समय में दो हत्याओं की घटनाओं ने इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया है और लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मौली जागरण में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे निवासी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हत्या में शामिल तीनों आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0