1.40 लाख से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण, मुख्यमंत्री ने नशा तस्करों को दी चेतावनी- धंधा छोड़ें या हरियाणा छोड़ें; नशामुक्ति अभियान के तहत 1.58 लाख से ज्यादा लोगों का कराया गया उपचार
1.40 लाख से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण, मुख्यमंत्री ने नशा तस्करों को दी चेतावनी- धंधा छोड़ें या हरियाणा छोड़ें; नशामुक्ति अभियान के तहत 1.58 लाख से ज्यादा लोगों का कराया गया उपचार
ख़बर खास | हरियाणा
हरियाणा को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को सिरसा जिले के कालांवाली में आयोजित यूथ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पांच किलोमीटर की इस दौड़ में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के लिए 1.40 लाख से अधिक लोगों ने पंजीकरण करवाया था। मुख्यमंत्री ने मैराथन में शामिल प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा कर उनका हौसला बढ़ाया और कहा कि प्रदेश की युवा शक्ति को नशे से बचाकर खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने नशे का कारोबार करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि नशे के सौदागर अपना धंधा बंद कर दें या हरियाणा छोड़ दें। प्रदेश में ऐसे लोगों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जबकि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को उपचार और सामान्य जीवन में लौटने के लिए हरसंभव सहायता दी जाएगी।
नशामुक्ति के लिए परिवार से लेकर प्रशासन तक की जिम्मेदारी तय
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस के भरोसे नहीं जीती जा सकती। इसके लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों और सामाजिक संगठनों को मिलकर काम करना होगा। सरकार ने नशामुक्त हरियाणा के लक्ष्य को हासिल करने के लिए संकल्प सोसायटी बनाई है। इसके तहत ड्रग मुक्त थाना क्षेत्र, तस्कर मुक्त जिला, नशे की गोलियों से मुक्त केमिस्ट दुकानें, परिवारों का सहयोग, उपचार की सुविधा वाले अस्पताल, सुविधायुक्त स्कूल और युवाओं के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने सहित सात संकल्पों पर काम किया जा रहा है।
सैनी ने बताया कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश में 1,58,830 नशा पीड़ितों की पहचान कर उनका उपचार करवाया गया है। सरकारी मेडिकल कॉलेजों और 13 जिलों के सिविल अस्पतालों में नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। नशे से संबंधित शिकायतों और सूचना के लिए 90508-91508 एंटी ड्रग हेल्पलाइन तथा केंद्र सरकार की मानस हेल्पलाइन 1933 शुरू की गई है।
94 करोड़ की संपत्तियां जब्त, 180 संपत्तियां ध्वस्त
मुख्यमंत्री के अनुसार, नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स सक्रिय की गई है और पंचकूला में अंतरराज्यीय ड्रग सचिवालय स्थापित किया गया है। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने नशे के कारोबार से अर्जित 94 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की हैं, जबकि 180 संपत्तियों को ध्वस्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा उदय अभियान के तहत 2,484 कार्यक्रमों में 18 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया है। इनमें मैराथन, साइक्लोथोन और राहगिरी जैसे आयोजन शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने खेलों को नशे से दूर रहने का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने वर्ष 2026 के एशियाई खेलों में भारत के 85 पदकों में से 32 पदक हासिल किए। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने, अपने दोस्तों को भी इससे बचाने और स्वास्थ्य एवं भविष्य के लिए सकारात्मक लक्ष्य निर्धारित करने की अपील की।
कार्यक्रम में भारतीय हॉकी के पूर्व कप्तान और मैराथन के ब्रांड एंबेसडर सरदार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं और उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
चंडीगढ़ में पुलिस बूथ के पास 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला, चार हमलावर फरार
November 17, 2026पंजाब में पुलिसकर्मियों की हत्याओं के पीछे कौन? ‘ऑपरेशन नूर’ के दावे से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
November 17, 2026
Comments 0