कैशियर हत्याकांड में ड्यूटी में चूक के बाद कार्रवाई, जांच में सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर खामियां सामने आईं, जिनके कारण आरोपी शूटर फरार होने में सफल रहे।
कैशियर हत्याकांड में ड्यूटी में चूक के बाद कार्रवाई, जांच में सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर खामियां सामने आईं, जिनके कारण आरोपी शूटर फरार होने में सफल रहे।
खबर खास | चंडीगढ़
चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर के कैशियर जंकी दास की हत्या के मामले में बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने ड्यूटी में कथित लापरवाही बरतने के आरोप में पांच पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है।
निलंबित अधिकारियों में थाना-11 के सब-इंस्पेक्टर (एसआई) बचित्तर सिंह, लेक पुलिस चौकी में तैनात लेडी कांस्टेबल सुमन और सीनियर कांस्टेबल रॉबिन, थाना-3 की लेडी कांस्टेबल दीक्षा तथा आईटी पार्क थाना की सीनियर लेडी कांस्टेबल जसपाल कौर शामिल हैं। सभी को अगले आदेश तक सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइंस में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
चंडीगढ़ के एसएसपी सुमेर प्रताप सिंह ने यह निलंबन आदेश जारी किए। आंतरिक जांच में पाया गया कि संबंधित पुलिस कर्मियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगाए गए सुरक्षा नाकों पर उचित जांच नहीं की, जिसके चलते फायरिंग की घटना में शामिल आरोपी फरार होने में सफल रहे।
जांच के दौरान मामले में एक नया मोड़ भी सामने आया है। पुलिस का मानना है कि शूटरों का वास्तविक निशाना कैशियर जंकी दास नहीं, बल्कि सेक्टर-11 में कारोबार करने वाला एक प्रमुख केमिस्ट था। जांचकर्ताओं के अनुसार, इस कारोबारी की हत्या की सुपारी कथित तौर पर फिरोजपुर के एक व्यक्ति द्वारा दी गई थी।
फायरिंग की घटना के बाद गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने एक वॉयस मैसेज जारी कर घटना की जिम्मेदारी ली थी और उसमें ‘कुमार ब्रदर्स’ का नाम भी लिया था। इससे मामले की जांच को नया आयाम मिला है। पुलिस साजिश में शामिल सभी लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी रखे हुए है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0