सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे जंगल में मिला संदिग्ध IED, पांच किलो जिलेटिन की छड़ें और हथियार बरामद; पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे जंगल में मिला संदिग्ध IED, पांच किलो जिलेटिन की छड़ें और हथियार बरामद; पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
चंडीगढ़ में कथित आतंकी साजिश को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे जंगल में एक बैग से संदिग्ध IED बरामद होने के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी। राहत की बात यह रही कि बरामद विस्फोटक पदार्थ एक्टिव हालत में नहीं था। मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनके प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से कथित संबंध होने की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जंगल क्षेत्र में संदिग्ध बैग दिखाई देने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को घेर लिया और संदिग्ध वस्तु को कब्जे में लिया। जांच के दौरान करीब पांच किलो जिलेटिन की छड़ें और हथियार बरामद किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। सुरक्षा को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई।
मामले की जांच सेक्टर-36 थाना पुलिस कर रही है। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोटक सामग्री चंडीगढ़ तक कैसे पहुंची और इसे जंगल में किस मकसद से छिपाया गया था।
पुलिस को आशंका है कि संदिग्धों की चंडीगढ़ में किसी आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की योजना हो सकती थी। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही साजिश और आरोपियों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
तीनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और उनके संपर्कों, गतिविधियों तथा संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में लगी है कि बरामद सामग्री कहां से लाई गई और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क का हाथ तो नहीं है।
घटना के बाद चंडीगढ़ के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0