स्कूल की छुट्टी के बाद बुधवार से लापता था छात्र, पारिवारिक विवाद के चलते मानसिक तनाव की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
स्कूल की छुट्टी के बाद बुधवार से लापता था छात्र, पारिवारिक विवाद के चलते मानसिक तनाव की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
खबर खास | यमुनानगर
हरियाणा के यमुनानगर में एक सरकारी स्कूल के परिसर के अंदर 10वीं कक्षा के एक छात्र का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। छात्र बुधवार को स्कूल की छुट्टी के बाद से लापता था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद के कारण छात्र के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक की पहचान कमलदीप के रूप में हुई है। वह बुधवार को स्कूल से घर नहीं लौटा, जिसके बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में परिवार ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस, परिजनों और स्कूल प्रशासन ने मिलकर छात्र की तलाश शुरू की।
जब आसपास के क्षेत्रों में तलाश के बावजूद कोई सफलता नहीं मिली, तो गुरुवार को पुलिस और परिजन दोबारा स्कूल पहुंचे। वहां स्कूल की पुरानी इमारत के बाहर कमलदीप की साइकिल और स्कूल बैग मिला। इसके बाद जब पुरानी बिल्डिंग के अंदर जाकर तलाशी ली गई तो छात्र का शव छत पर लगे लगभग 12 फीट ऊंचे हुक से लटका हुआ मिला।
पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में फोरेंसिक जांच और अन्य कानूनी प्रक्रिया जारी है।
स्कूल की प्राचार्य उषा रानी ने बताया कि स्कूल की छुट्टी के बाद सभी छात्र अपने-अपने घर चले गए थे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कमलदीप बाद में दोबारा स्कूल परिसर में कैसे पहुंचा। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है।
प्रारंभिक पुलिस जांच में पता चला है कि कमलदीप अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। बताया जा रहा है कि उसके माता-पिता पिछले छह वर्षों से आपसी विवाद में उलझे हुए थे और वर्तमान में उनके बीच तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। परिवार के शुरुआती बयानों के अनुसार, लंबे समय से चल रहे इस पारिवारिक विवाद का छात्र की मानसिक स्थिति पर गहरा प्रभाव पड़ा था।
हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के सटीक कारण की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मामले में अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0