21 जून को पंचकूला में होगा राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह
21 जून को पंचकूला में होगा राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह
खबर खास | चंडीगढ़
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले हरियाणा विधानसभा परिसर में मंगलवार को कॉमन योग प्रोटोकॉल अभ्यास सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भाग लिया। इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, विधायकगण तथा कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत प्रार्थना, सूक्ष्म व्यायाम, खड़े और बैठकर किए जाने वाले योगासन, प्राणायाम, ध्यान तथा शांति पाठ का अभ्यास किया। हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य और योग प्रशिक्षकों ने पूरे सत्र का संचालन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि योग व्यक्ति को स्वयं से और समाज से जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि हरियाणा का राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह 21 जून को पंचकूला में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से नियमित रूप से योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र में योग को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किए जाने के बाद पूरी दुनिया ने इसकी महत्ता को स्वीकार किया। आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस विश्वभर में मनाया जा रहा है, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं की वैश्विक पहचान का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है। राज्य सरकार योग के माध्यम से नशामुक्त हरियाणा बनाने की दिशा में भी कार्य कर रही है। योग को शिक्षा व्यवस्था का हिस्सा बनाया गया है और स्कूलों, कॉलेजों तथा विश्वविद्यालयों में योग क्लब स्थापित किए गए हैं। प्रदेश में अब तक 883 व्यायामशालाएं स्थापित की जा चुकी हैं तथा 859 योग सहायकों की नियुक्ति की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा परिसर में योग अभ्यास का आयोजन जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सकारात्मक संदेश देता है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि व्यस्त दिनचर्या के बीच कुछ मिनट का योग भी शरीर और मन को नई ऊर्जा प्रदान करता है।
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
गांवों के विकास से युवाओं के रोजगार तक, सीएम मान ने गिनाईं पंजाब सरकार की उपलब्धियां
November 16, 2026चंडीगढ़ में पुलिस बूथ के पास 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला, चार हमलावर फरार
November 17, 2026अमृतसर एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन सुविधा शुरू
November 17, 2026
Comments 0