होशियारपुर के गढ़शंकर में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत; पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू की
होशियारपुर के गढ़शंकर में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत; पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू की
खबर खास | होशियारपुर
पंजाब के होशियारपुर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत हो गई। यह हादसा गढ़शंकर-नंगल मुख्य मार्ग पर सुबह करीब 7 बजे हुआ। हादसे की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें दुर्घटना के भयावह क्षण कैद हो गए।
मृतक की पहचान गढ़शंकर के संतोष नगर निवासी सगली राम के बेटे कश्मीरी लाल के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कश्मीरी लाल नंगल रोड से गढ़शंकर शहर की ओर साइकिल पर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही रेत और बजरी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर जा गिरे और ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि साइकिल सवार सड़क के किनारे आगे बढ़ रहा था, तभी पीछे से आई ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल व्यक्ति को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला और उसे गढ़शंकर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही गढ़शंकर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0