पड़ोसी के खेत में मिले शव; पुलिस ने क्षेत्र को सील कर शुरू की जांच
पड़ोसी के खेत में मिले शव; पुलिस ने क्षेत्र को सील कर शुरू की जांच
खबर खास | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले में एक बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह अस्रावा गांव में दोनों के शव पड़ोसी के खेत में एक-दूसरे के बेहद करीब मिले। खास बात यह रही कि दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थाम रखा था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
पुलिस के अनुसार, एक किसान सुबह खेत में पहुंचा तो उसने दोनों के शव पड़े देखे। उसने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की।
मृतकों की पहचान अस्रावा गांव निवासी आत्मा राम पुत्र संतालाल और उनकी पत्नी बास्कोरी देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने परिवार को घटना की जानकारी दी और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक दंपती के बेटे प्रदीप कुमार ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता बुधवार शाम से लापता थे। परिवार ने उनकी तलाश शुरू की तो उनके कमरे से छह पन्नों का एक कथित सुसाइड नोट मिला, जिस पर दोनों के हस्ताक्षर बताए जा रहे हैं।
नोट में कथित तौर पर दंपती ने लंबे समय से चल रही बीमारी और असहनीय दर्द को अपनी जिंदगी खत्म करने की वजह बताया है। पुलिस फिलहाल नोट की जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं को खंगाल रही है।
प्रदीप ने बताया कि वह बिजली का काम करने के साथ गांव में टेंट हाउस का कारोबार भी करता है। उसके पिता 12 अगस्त को शाम करीब 5 बजे तक दुकान पर थे। इसके बाद वह फार्महाउस (ढाणी) चले गए, जहां उसकी मां बास्कोरी देवी रह रही थीं। प्रदीप रात को दुकान पर ही रहा।
13 अगस्त की सुबह करीब 6:30 बजे उसके चाचा मुकेश ने बताया कि उसके माता-पिता फार्महाउस पर मौजूद नहीं हैं। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की और कमरे से कथित सुसाइड नोट बरामद हुआ।
परिवार के अनुसार, बास्कोरी देवी की करीब एक साल पहले हिसार के सर्वेश अस्पताल में रीढ़ की सर्जरी हुई थी। इसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान चल रही थीं। वहीं, आत्मा राम भी पिछले कुछ दिनों से रीढ़ की गंभीर पीड़ा से जूझ रहे थे।
प्रदीप के मुताबिक, उसके पिता अपनी बीमारी के साथ-साथ पत्नी की लंबे समय से चल रही परेशानी को लेकर भी काफी चिंतित थे। कथित सुसाइड नोट में इसी शारीरिक पीड़ा और बीमारी को आत्महत्या का कारण बताया गया है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस कथित सुसाइड नोट और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0