रायकोट को रेल नेटवर्क से जोड़ने, दोराहा रेलवे ओवरब्रिज में देरी दूर करने और क्षेत्र के लिए अतिरिक्त ट्रेनों की मांग उठाई
रायकोट को रेल नेटवर्क से जोड़ने, दोराहा रेलवे ओवरब्रिज में देरी दूर करने और क्षेत्र के लिए अतिरिक्त ट्रेनों की मांग उठाई
खबर खास | फतेहगढ़ साहिब
फतेहगढ़ साहिब से लोकसभा सांसद डॉ. अमर सिंह ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर अपने लोकसभा क्षेत्र से जुड़े रेलवे बुनियादी ढांचे और यात्री सुविधाओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
मुलाकात के दौरान डॉ. अमर सिंह ने मुल्लांपुर, रायकोट और बरनाला के बीच प्रस्तावित 53 किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण शहर होने के बावजूद रायकोट अभी तक रेलवे कनेक्टिविटी से वंचित है। इससे क्षेत्र के लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सांसद ने बताया कि वह वर्ष 2019 से लगातार इस परियोजना को केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के समक्ष उठाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में संसद में भी कई बार आवाज उठाई गई है। प्रस्तावित रेल लाइन से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ-साथ व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
डॉ. अमर सिंह ने दोराहा रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा भी रेल मंत्री के सामने रखा। उन्होंने बताया कि परियोजना को दो साल से अधिक समय पहले मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पाया है। सांसद ने रेल मंत्रालय से परियोजना के काम में तेजी लाने की मांग की, ताकि क्षेत्र में यातायात की समस्या और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को दूर किया जा सके।
इसके अलावा सांसद ने अपने लोकसभा क्षेत्र में अतिरिक्त ट्रेनों की जरूरत का मुद्दा भी उठाया और यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेल सेवाओं में विस्तार की मांग की।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद की ओर से उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रस्तावों और रेलवे बुनियादी ढांचे से जुड़े मामलों की समीक्षा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के विकास से संबंधित मांगों पर मंत्रालय द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
गांवों के विकास से युवाओं के रोजगार तक, सीएम मान ने गिनाईं पंजाब सरकार की उपलब्धियां
November 16, 2026अमृतसर एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन सुविधा शुरू
November 17, 2026
Comments 0