नितीश कौशल उर्फ 'लाला' पर अमेरिका में अपहरण, हत्या, रंगदारी, ड्रग तस्करी और अवैध हथियार सप्लाई समेत कई गंभीर आरोप
नितीश कौशल उर्फ 'लाला' पर अमेरिका में अपहरण, हत्या, रंगदारी, ड्रग तस्करी और अवैध हथियार सप्लाई समेत कई गंभीर आरोप
खबर खास | चंडीगढ़
पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के आपराधिक नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) ने उसके करीबी सहयोगी नितीश कौशल उर्फ 'लाला' को अपनी मोस्ट वांटेड सूची में शामिल कर लिया है।
एफबीआई के अनुसार, नितीश कौशल अमेरिका के कैलिफोर्निया और अन्य राज्यों में जग्गू भगवानपुरिया गैंग के लिए सक्रिय रूप से काम करता था। उस पर अपहरण, हत्या, रंगदारी वसूली, ड्रग तस्करी, अवैध हथियारों की सप्लाई और संगठित अपराधों में शामिल होने जैसे कई गंभीर आरोप हैं।
इससे पहले 25 जून 2026 को अमेरिका के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की यूनाइटेड स्टेट्स डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने रैकेटियर इन्फ्लुएंस्ड एंड करप्ट ऑर्गेनाइजेशंस (RICO) एक्ट के तहत नितीश कौशल के खिलाफ संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
जांच एजेंसियों का मानना है कि नितीश कौशल जग्गू भगवानपुरिया ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप (OCG) का करीबी और सक्रिय सदस्य है। अधिकारियों के अनुसार, पंजाब से शुरू हुआ यह आपराधिक नेटवर्क अब अमेरिका, कनाडा और कई यूरोपीय देशों तक फैल चुका है, जहां कौशल जैसे सहयोगी इसके संचालन में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
एफबीआई का आरोप है कि कौशल ने अमेरिका में गैंग की ओर से रंगदारी वसूली, लोगों को धमकाने, अपहरण की साजिश रचने, हिंसक हमलों को अंजाम देने और कैलिफोर्निया सहित आसपास के क्षेत्रों में कई संगठित अपराधों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एफबीआई ने नितीश कौशल को हथियारों से लैस और बेहद खतरनाक बताया है। एजेंसी का कहना है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल सकता है।
एफबीआई ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को नितीश कौशल के बारे में कोई जानकारी मिले तो उससे स्वयं संपर्क करने या उसे पकड़ने की कोशिश न करें। इसके बजाय तुरंत स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों या एफबीआई को इसकी सूचना दें।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0