कहा, कांग्रेस पार्टी हमेशा की तरह किसानों के साथ चट्टान बनकर खड़ी है
कहा, कांग्रेस पार्टी हमेशा की तरह किसानों के साथ चट्टान बनकर खड़ी है
खबर खास, मोहाली :
पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बलबीर सिंह सिद्धू ने आज यहां कहा कि मोहाली विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में और पूरे उत्साह के साथ किसानों द्वारा गमाडा के खिलाफ जारी धरने में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि वह पिछले कई दिनों से हलके के गांवों का दौरा कर लोगों को धरने में शामिल होने के लिए लामबंद कर रहे हैं।
आज यहां जारी अपने एक प्रेस बयान में सिद्धू ने कहा कि लोग, खासकर किसान, मौजूदा सरकार की जन-विरोधी नीतियों से तंग आ चुके हैं और उनके मन में भगवंत मान सरकार के खिलाफ भारी रोष है। गमाडा की नीतियों की कड़ी निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि यह संस्था लगातार किसानों का शोषण कर रही है। उन्होंने कहा, “गमाडा किसानों की कीमती जमीनों को कौड़ियों के भाव अधिग्रहित कर लेता है, जबकि उनके हितों को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। अपनी ही जमीन के उचित मुआवजे और हक के लिए किसानों को सड़कों पर बैठने के लिए मजबूर करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”
कांग्रेसी नेता ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार पहले भी लुधियाना और मोहाली जिलों में लगभग 15,000 एकड़ जमीन अधिग्रहण के मामले में जनता के विरोध का सामना कर चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार को जन-रोष के आगे झुकते हुए अपना नोटिफिकेशन वापस लेना पड़ा था। उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में भी सरकार को किसानों की जायज मांगों के आगे झुकना ही पड़ेगा।
सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों के साथ चट्टान की तरह खड़ी रही है और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्र के निवासियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि कल के धरने में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, ताकि “सोई हुई” सरकार और गमाडा प्रशासन को जगाया जा सके।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0