इससे पहले महंगाई भत्ते का हो चुका भुगतान
इससे पहले महंगाई भत्ते का हो चुका भुगतान
खबर खास, शिमला :
हिमाचल प्रदेश सरकार ने सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को राहत देते हुए अहम निर्णय लिया है। सुक्खू सरकार ने लंबे समय से ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट की मांग कर रहे कर्मचारियों का बकाया जारी करने के आदेश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देश पर एक जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए या सेवाकाल के दौरान दिवंगत हुए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की ग्रेच्युटी व लीव इनकैशमेंट का शेष 30 फीसद बकाया तत्काल जारी करने के आदेश जारी किए हैं।
इस बाबत राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि इस अवधि के दौरान सरकार पहले ही अंतरिम राहत के रूप में चार किस्तें जारी कर चुकी है। इसके अतिरिक्त, मूल पेंशन और मूल पारिवारिक पेंशन पर महंगाई भत्ते की 12 किस्तों का भुगतान भी किया जा चुका है, जिन्हें पेंशन/पारिवारिक पेंशन के बकाया के साथ समायोजित किया जा सकता है।
प्रवक्ता ने बताया कि संबंधित पेंशन वितरक प्राधिकरणों को निर्देश दिए गए हैं कि वे यह सुनिश्चित करें कि इस भुगतान के बाद सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट से संबंधित सभी बकाया राशि का पूर्ण भुगतान हो जाए।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0