2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किया था डेब्यू, संघर्ष, वापसी और उपलब्धियों से भरा रहा एक दशक का सफर
2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किया था डेब्यू, संघर्ष, वापसी और उपलब्धियों से भरा रहा एक दशक का सफर
ख़बर ख़ास, खेल :
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 10 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर अपने अब तक के सफर को याद किया। हार्दिक ने जनवरी 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी और तब से लेकर अब तक वे भारतीय टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक बन चुके हैं।
अपने इमोशनल पोस्ट में हार्दिक पंड्या ने लिखा कि यह दशक उनके लिए सीख, संघर्ष और उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सफर अभी खत्म नहीं हुआ, बल्कि यह तो सिर्फ शुरुआत है। पंड्या ने अपने फैंस, परिवार, टीम मैनेजमेंट और भगवान का आभार जताते हुए कहा कि मुश्किल दौर और चुनौतियों ने ही उन्हें आज इस मुकाम तक पहुंचाया है।
हार्दिक ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “आप सभी को मेरा प्यार, हर चीज के लिए धन्यवाद। धन्यवाद भगवान, उन सभी मुश्किलों और चुनौतियों के लिए जिनकी वजह से मैं यहां तक पहुंच पाया। उन सभी लोगों के भरोसे के लिए और इस जिंदगी को जीने का मौका देने के लिए। इन सालों ने मुझे सिखाया है कि यह तो बस शुरुआत है। मैंने उन रास्तों पर अभी चलना शुरू ही किया है, जिन पर मैं सच में चलना चाहता हूं।”
हार्दिक पंड्या का करियर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। चोटों के कारण उन्हें कई बार टीम से बाहर होना पड़ा, लेकिन हर बार उन्होंने दमदार वापसी की। एक आक्रामक बल्लेबाज, तेज गेंदबाज और बेहतरीन फील्डर के रूप में उन्होंने खुद को तीनों फॉर्मेट में साबित किया। सीमित ओवरों के क्रिकेट में उनकी फिनिशर की भूमिका ने भारत को कई यादगार जीत दिलाई हैं।
आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट में कप्तानी का अनुभव हासिल कर चुके हार्दिक पंड्या आज टीम इंडिया के सीनियर खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। फैंस को उम्मीद है कि आने वाले सालों में वे न सिर्फ अपने प्रदर्शन से बल्कि अपने नेतृत्व से भी भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। हार्दिक के 10 साल पूरे होना भारतीय क्रिकेट के लिए भी एक खास उपलब्धि माना जा रहा है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0