उत्तर प्रदेश डोमिनेटर्स ने नीलामी में 52 लाख रुपये में खरीदा, लीग इतिहास में रचा नया कीर्तिमान
उत्तर प्रदेश डोमिनेटर्स ने नीलामी में 52 लाख रुपये में खरीदा, लीग इतिहास में रचा नया कीर्तिमान
खबर खास,खेल :
हरियाणा के हिसार जिले से ताल्लुक रखने वाली उभरती हुई स्टार पहलवान अंतिम पंघाल ने प्रो कुश्ती लीग (PWL) की नीलामी में नया इतिहास रच दिया है। दो बार की विश्व कुश्ती चैंपियनशिप पदक विजेता अंतिम पंघाल को उत्तर प्रदेश डोमिनेटर्स ने 52 लाख रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। इसके साथ ही अंतिम प्रो कुश्ती लीग के इतिहास में भारत की सबसे महंगी महिला रेसलर बन गई हैं। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश में कुश्ती प्रेमियों को गर्व का अवसर दिया है।
अंतिम पंघाल मूल रूप से हिसार के गांव भगाना की रहने वाली हैं। उनका जन्म एक साधारण किसान परिवार में हुआ। पिता राम निवास पंघाल और माता कृष्णा कुमारी की पांच संतानों में अंतिम दूसरी सबसे छोटी संतान हैं। चार बहनों के बाद परिवार में बेटी के रूप में जन्म लेने पर पिता ने उनका नाम ‘अंतिम’ रखा था। अंतिम की बड़ी बहनें सरिता, मीनू और निशा हैं, जबकि उनका भाई अर्पित उनसे दो साल छोटा है और परिवार का सबसे छोटा सदस्य है।
कम उम्र में ही कुश्ती के प्रति रुचि दिखाने वाली अंतिम ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार किया। कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। दो बार विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में पदक जीतकर उन्होंने भारत का नाम रोशन किया और खुद को देश की शीर्ष महिला पहलवानों में शामिल किया।
नीलामी के बाद पिता राम निवास पंघाल ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है और यह उनके लिए बेहद खुशी का क्षण है कि अंतिम की प्रतिभा को बड़े मंच पर पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि अंतिम की सफलता से गांव और क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
वहीं अंतिम पंघाल ने कहा कि वह प्रो कुश्ती लीग के शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की पहलवानों के खिलाफ मुकाबला उनके लिए एक बड़ी चुनौती होगी। खास तौर पर जापान की दिग्गज रेसलर युई सुसाकी के साथ संभावित मुकाबले को लेकर वह काफी उत्साहित हैं। अंतिम ने कहा कि वह पूरी तैयारी के साथ उतरेंगी और अपने प्रदर्शन से टीम की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0