नांदेड़ में हमले के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज होकर दिल्ली रवाना हुए अकाली नेता, बोले- पंजाब का भाईचारा हमारे लिए सबसे अहम
नांदेड़ में हमले के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज होकर दिल्ली रवाना हुए अकाली नेता, बोले- पंजाब का भाईचारा हमारे लिए सबसे अहम
तख्त श्री हजूर साहिब के पास हमले के बाद शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल का पहला बयान सामने आया है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद दिल्ली रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में सुखबीर बादल ने कहा कि वह न कभी डरे हैं और न कभी डरेंगे। उन्होंने कहा कि अकाली दल हर कुर्बानी के लिए तैयार है और कुछ लोग पंजाब का माहौल खराब करने के साथ देश की अमन-शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं।
सुखबीर बादल ने कहा कि ऐसे लोगों के मंसूबों को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके लिए पंजाब का भाईचारा सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है और शांति एवं आपसी सौहार्द को बनाए रखना प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके ऊपर दोनों बार गुरु घर में हमला हुआ है।
गौरतलब है कि गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब के पास सुखबीर बादल पर हमला किया गया था। एक व्यक्ति ने उन पर कृपाण से वार करने की कोशिश की, जिसमें उनके हाथ में चोट लगी। हमले के दौरान उन्हें बचाने की कोशिश में एक पुलिस अधिकारी भी घायल हुआ था।
अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने दावा किया था कि हमलावर ने बेहद करीब से सुखबीर बादल पर वार किया और उसका निशाना उनके दिल की तरफ था। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की कृपा से सुखबीर बाल-बाल बच गए। उनके मुताबिक, हमले में सुखबीर की बाजू की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ और उन्हें करीब 150 टांके लगाए गए।
करीब दो साल के भीतर सुखबीर बादल पर यह दूसरा बड़ा हमला बताया जा रहा है। दिसंबर 2024 में अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब के बाहर धार्मिक सजा के तहत सेवादार की भूमिका निभा रहे सुखबीर बादल पर गोली चलाने की कोशिश की गई थी। उस समय एक पुलिसकर्मी की तत्परता से उनकी जान बच गई थी।
सुखबीर बादल को जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त है। इसके बावजूद दिसंबर 2024 में अमृतसर और अब नांदेड़ में हमलावर के उनके करीब तक पहुंचने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। बिक्रम मजीठिया ने दोनों घटनाओं की एनआईए से फास्ट-ट्रैक जांच कराने की मांग की है।
हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सुखबीर बादल से फोन पर बात कर उनका हालचाल जाना। सुखबीर की पत्नी और सांसद हरसिमरत कौर बादल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। बताया गया है कि हमले से करीब छह दिन पहले ही सुखबीर बादल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी।
फिलहाल सुखबीर बादल अस्पताल से डिस्चार्ज होकर दिल्ली रवाना हो चुके हैं। वहीं, नांदेड़ में हुई घटना की जांच जारी है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0